अशोक विहार योजना में बनेगा 33 केवी का नया सब-स्टेशन, झोटवाड़ा-निवारू रोड़ क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को मिलेगी मजबूती
33 केवी के दो नए फीडरों की भूमिगत लाइन स्वीकृत
जयपुर। झोटवाड़ा एवं निवारू रोड़ क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए निवारू रोड़ स्थित अशोक विहार योजना में जल्द ही 33/11 केवी का नया सब-स्टेशन बनाया जाएगा, जिसकी स्वीकृति चेयरमैन डिस्कॉम्स और जयपुर विद्युत वितरण निगम की प्रबंध निदेशक आरती डोगरा ने बुधवार को जारी कर दी है। लगभग 11.34 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले इस सब-स्टेशन में 8.8 एमवीए क्षमता के 2 पॉवर ट्रांसफार्मर स्थापित किए जाएंगे, जिसके लिए 33 केवी के दो नए फीडरों की भूमिगत लाइन स्वीकृत की गई है।
इन कॉलोनियों को मिलेगा फायदा :
इससे मारूति नगर, करधनी, तकिया की चौकी, गोकुल नगर एवं न्यू झोटवाड़ा सब-स्टेशनों से निकल रहे 11 केवी फीडरों का विभाजन किया जाएगा। साथ ही 11 केवी के 9 नए फीडर संचालित किए जाएंगे, जिससे नांगल जैसा बोहरा, मयूर विहार, बाल विहार, उद्योग नगर, नेता जी की चक्की, शेखावत मार्ग, गणेश नगर, रिद्धि-सिद्धि नगर, शिव नगर, दुर्गा विहार एवं जगदीश कॉलोनी सहित आस-पास के क्षेत्र को निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिल सकेगी।

Comment List