नौकरी तक सीमित नहीं युवा, नवाचार और कौशल से देश के विकास में दे रहे योगदान : भजनलाल शर्मा
युवा नए विचारों के माध्यम से देश के विकास में योगदान दे रहा
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि शंघाई में आयोजित 48वीं वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता में भाग लेने वाले भारतीय प्रतिभागियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आत्मीय संवाद देश के युवाओं के लिए ऊर्जा और प्रेरणा का स्रोत है। देश का प्रतिनिधित्व कर रहे युवाओं की मेहनत, लगन और कौशल पूरे देश के युवाओं को अपनी प्रतिभा पर विश्वास करने की प्रेरणा देते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का युवा केवल नौकरी पाने तक सीमित नहीं है, बल्कि अपने उत्कृष्ट कौशल, नवाचार और नए विचारों के माध्यम से देश के विकास में योगदान दे रहा है। प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप भारतीय युवा जब अपने हुनर को निखारकर वैश्विक मंच पर देश का तिरंगा लहराते हैं, तो विकसित और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूती मिलती है।
उन्होंने कहा कि कौशल भविष्य की सबसे बड़ी शक्ति है। युवाओं को निरंतर सीखने, नई तकनीकों को अपनाने, नवाचार करने और अपनी क्षमताओं को विकसित करने की दिशा में आगे बढ़ते रहना चाहिए। भारतीय युवाओं की प्रतिभा और मेहनत देश को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

Comment List