जयपुर एयरपोर्ट पर कल से नोटम लागू : रोज 4 घंटे फ्लाइट संचालन बंद, जानें कौन-कौन सी फ्लाइट होंगी प्रभावित
2 फ्लाइट्स एक सप्ताह के लिए रद्द
जयपुर एयरपोर्ट पर 17 से 23 मार्च तक नोटम लागू। रोज दोपहर 1 से शाम 5 बजे तक फ्लाइट संचालन बंद। नोटम के कारण 6 फ्लाइट्स का समय बदला, 2 फ्लाइट्स अस्थायी रूप से रद्द और एक की फ्रिक्वेंसी घटाई। एयर इंडिया, इंडिगो और स्पाइसजेट की उड़ानों पर असर।
जयपुर। जयपुर एयरपोर्ट पर 17 से 23 मार्च तक नोटम लागू रहेगा, जिसके चलते रोजाना चार घंटे तक फ्लाइट संचालन प्रभावित रहेगा। इस अवधि में दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक एयरपोर्ट से किसी भी फ्लाइट का संचालन नहीं किया जाएगा। नोटम के कारण कुल 6 फ्लाइट्स को रिशेड्यूल किया गया है, जबकि 2 फ्लाइट्स एक सप्ताह के लिए रद्द रहेंगी और एक फ्लाइट की फ्रिक्वेंसी घटाई गई है। नोटम के चलते एयर इंडिया की दो फ्लाइट्स के समय में बदलाव किया गया है। दिल्ली जाने वाली फ्लाइट अब दोपहर 1:30 बजे के बजाय 12:55 बजे रवाना होगी, जबकि मुंबई जाने वाली फ्लाइट दोपहर 1:35 बजे के बजाय 12:45 बजे रवाना होगी। इसी तरह इंडिगो की सूरत जाने वाली फ्लाइट, जो पहले दोपहर 2:20 बजे उड़ान भरती थी, अब 12:50 बजे जाएगी। स्पाइसजेट की मुंबई जाने वाली फ्लाइट का समय भी बदला गया है। यह फ्लाइट पहले दोपहर 3:05 बजे रवाना होती थी, लेकिन नोटम अवधि के दौरान अब रात 9:50 बजे उड़ान भरेगी।
वहीं शाम, 5:05 बजे जाने वाली एयर इंडिया की दिल्ली फ्लाइट अब शाम 5:40 बजे जाएगी, जबकि शाम 5:10 बजे इंडिगो की नवी मुंबई फ्लाइट अब शाम 5:50 बजे रवाना होगी। नोटम के कारण दो फ्लाइट्स को अस्थायी रूप से रद्द भी किया गया है। इंडिगो की दोपहर 1:25 बजे जयपुर से अहमदाबाद जाने वाली फ्लाइट और दोपहर 1:55 बजे दिल्ली जाने वाली फ्लाइट 17 से 23 मार्च तक रद्द रहेंगी। ये दोनों फ्लाइट्स 24 मार्च से फिर से नियमित रूप से संचालित होंगी। इसके अलावा इंडिगो की चंडीगढ़ फ्लाइट की फ्रिक्वेंसी भी घटा दी गई है। सामान्य दिनों में यह फ्लाइट सप्ताह में पांच दिन संचालित होती है, लेकिन नोटम अवधि में यह केवल एक दिन चलेगी। 22 मार्च को यह फ्लाइट दोपहर 1:45 बजे के बजाय 12:50 बजे रवाना होगी।

Comment List