जांच के दौरान युवती से छेड़छाड़ : नर्सिंगकर्मी गिरफ्तार, परिजनों ने थाने पर किया प्रदर्शन
बेहोशी का इंजेक्शन देकर गलत हरकत करने का आरोप
जयपुर। जयपुर के एक हॉस्पिटल में एंडोस्कोपी के लिए भर्ती हुई युवती से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि जांच से पहले एक नर्सिंगकर्मी युवती को कमरे में ले गया और इंजेक्शन देने के बाद उसके साथ गलत हरकत की। घर पहुंचने के बाद युवती ने अपने पिता को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन हॉस्पिटल पहुंचे और पुलिस में शिकायत दी। पुलिस ने हॉस्पिटल के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद आरोपी नर्सिंगकर्मी को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया है।
पीड़िता के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बेटी के पेट में दर्द होने पर वे उसे एंडोस्कोपी कराने हॉस्पिटल लेकर गए थे। आरोप है कि वहां नर्सिंगकर्मी बेटी को एक कमरे में ले गया और इंजेक्शन लगाया। बेटी के बेहोश होने के बाद छेड़छाड़ की।
पिता के अनुसार, घर पहुंचने के बाद बेटी ने उन्हें पूरी घटना बताई। इसके बाद वे हॉस्पिटल पहुंचे। उनका आरोप है कि हॉस्पिटल स्टाफ ने आरोपी नर्सिंगकर्मी को वहां से छिपा दिया। बाद में पुलिस के हॉस्पिटल पहुंचने पर आरोपी बाहर आया। घटना की जानकारी के बाद लोगों ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।

Comment List