ऑपरेशन म्यूल हंटर : साइबर ठग गिरफ्तार, खाते में 4 दिन में आए 1.17 करोड़ रुपए
किराए पर बैंक खाते उपलब्ध कराने वाला आरोपी दबोचा
ऑपरेशन म्यूल हंटर के तहत साइबर ठग ईश्वर शर्मा (गाजीपुर) गिरफ्तार। आरोपी ने अपनी फर्म वीर स्पोर्ट्स शूटिंग अकेडमी के नाम बैंक खाता खोलकर इसे साइबर ठगों को किराए पर दिया। चार दिनों में खाते में 1.17 करोड़ रुपए जमा। छह राज्यों से जुड़ी 9 साइबर शिकायतों में कुल 4.2 करोड़ रुपए की ठगी।
जयपुर। राजस्थान पुलिस के साइबर अपराध विरोधी अभियान ऑपरेशन म्यूल हंटर के तहत शातिर साइबर ठग ईश्वर शर्मा निवासी गाजीपुर, उत्तर प्रदेश हाल विद्याधर नगर प्रोपराइटर वीर स्पोर्ट्स शूटिंग अकेडमी को गिरफ्तार किया है। आरोपी अपनी फर्म वीर स्पोर्ट्स शूटिंग अकेडमी के नाम से बैंक खाता खुलवाकर उसे किराए पर साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराता था। आरोपी के खाते में महज चार दिनों के भीतर 1 करोड़ 17 लाख रुपए जमा हुए थे। प्रारंभिक जांच में करीब 4 करोड़ 20 लाख रुपए की साइबर ठगी से इस खाते के तार जुड़े पाए गए हैं।
डीसीपी साउथ राजर्षि राज ने बताया कि आरोपी ईश्वर शर्मा ने अपनी फर्म वीर स्पोर्ट्स शूटिंग एकेडमी के नाम से एक्सिस बैंक में चालू खाता खुलवाया था। बाद में उसने यह खाता 50 हजार रुपए में साइबर ठगों को किराए पर दे दिया। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि इससे पहले भी उसने अपनी फर्म के नाम से एक अन्य बैंक में खाता खुलवाकर किराए पर दिया था, जिसमें साइबर फ्रॉड की रकम जमा होती थी। पुलिस कार्रवाई नहीं होने पर उसने नया खाता खोलकर फिर वही काम शुरू कर दिया।
6 राज्यों से जुड़ी साइबर शिकायतें :
पुलिस ने आरोपी की चेकबुक और पासबुक के खातों की जांच साइबर पोर्टल 1930 पर की। जांच में उत्तर प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, ओडिशा, जम्मू-कश्मीर और राजस्थान सहित छह राज्यों से जुड़ी 9 साइबर शिकायतें सामने आईं। इन शिकायतों में आरोपी का बैंक खाता लेयर-1 अकाउंट के रूप में सामने आया, यानी साइबर ठगी की रकम सबसे पहले इसी खाते में ट्रांसफर की जाती थी। इस मामले में उत्तर प्रदेश गाजियाबाद गौतमबु नगर, गुजरात जूनागढ़, महाराष्ट्र, ओडिशा, जम्मू-कश्मीर और राजस्थान बाड़मेर में शिकायत दर्ज हुर्इं।
खाते में आए करोड़ों रुपए :
जांच में सामने आया कि आरोपी के चालू बैंक खाते में कुल 1.17 करोड़ रुपए जमा हुए थे। इनमें से 40.50 लाख रुपए की राशि के संबंध में सीधे 9 साइबर शिकायतें दर्ज मिलीं। पुलिस के अनुसार, इन 9 शिकायतों में कुल 4 करोड़ 20 लाख 95 हजार 159 रुपए की साइबर ठगी की गई थी।

Comment List