वनरक्षक भर्ती परीक्षा में फर्जीवाड़ा, मूल अभ्यर्थी भारत मीणा और डमी कैंडिडेट दिनेश विश्नोई गिरफ्तार
आरोपियों से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल कर रही
जयपुर। राजस्थान में वनरक्षक सीधी भर्ती परीक्षा-2020 में दूसरे अभ्यर्थी की जगह परीक्षा देने के मामले में एसओजी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मूल अभ्यर्थी भारत मीणा और डमी कैंडिडेट दिनेश कुमार विश्नोई को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि सरकारी नौकरी हासिल करने के लिए पांच लाख रुपये में सौदा तय किया गया था। एसओजी की टीम दोनों आरोपियों से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल कर रही है।
एडीजी एसओजी विशाल बंसल ने बताया कि राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड, जयपुर की ओर से आयोजित वनरक्षक सीधी भर्ती परीक्षा-2020 में फर्जी तरीके से परीक्षा देने के मामले में पुलिस थाना एसओजी, राजस्थान जयपुर में 26 सितंबर 2025 को प्रकरण संख्या 48/2025 दर्ज किया गया था। जांच में सामने आया कि भरतपुर जिले के भुसावर थाना क्षेत्र के निठार निवासी भारत मीणा ने वनरक्षक भर्ती परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। आरोप है कि उसकी जगह जालौर जिले के सांचौर थाना क्षेत्र के साहु की ढाणी निवासी दिनेश कुमार विश्नोई डमी अभ्यर्थी बनकर परीक्षा केंद्र में पहुंचा। उसने प्रवेश पत्र और उपस्थिति पत्रक पर अपना फोटो चस्पा किया तथा भारत मीणा के नाम से कथित फर्जी हस्ताक्षर कर परीक्षा दी। भारत मीणा ने वनरक्षक भर्ती परीक्षा में नौकरी पाने के लिए भरतपुर जिले के ठेकड़ा निवासी डालूराम मीणा से संपर्क किया था। आरोप है कि नौकरी लगवाने के लिए पांच लाख रुपये में सौदा तय हुआ था।

Comment List