पंचायत चुनाव: कल खुलेगा 37 जिलों के 8,818 वार्डों का जनादेश, नतीजों के बाद जिला प्रमुख और प्रधान पदों के लिए शुरू होगी जोड़तोड़

बाड़ेबंदी में जुटी भाजपा-कांग्रेस

पंचायत चुनाव: कल खुलेगा 37 जिलों के 8,818 वार्डों का जनादेश, नतीजों के बाद जिला प्रमुख और प्रधान पदों के लिए शुरू होगी जोड़तोड़
राजस्थान के 37 जिलों में 1,275 जिला परिषद और 7,543 पंचायत समिति वार्डों के चुनाव की मतगणना शुक्रवार, 20 नवंबर को होगी। भाजपा और कांग्रेस के कई दिग्गज नेताओं के परिजन मैदान में होने से यह मुकाबला बेहद रोचक है। नतीजों से पहले दोनों दलों ने प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी कर दी है, जबकि जिला प्रमुख के चुनाव 25 नवंबर को होंगे।

जयपुर। प्रदेश के 37 जिलों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव की मतगणना शुक्रवार को होगी। इसके साथ ही ग्रामीण राजस्थान की सियासत में किस पार्टी की पकड़ कितनी मजबूत है, इसकी तस्वीर भी सामने आएगी। चुनाव में भाजपा और कांग्रेस दोनों की प्रतिष्ठा दांव पर है। कई मंत्रियों, विधायकों और पूर्व मंत्रियों के परिवार के सदस्य चुनाव मैदान में हैं। ऐसे में नतीजों पर राजनीतिक दलों के साथ-साथ बड़े नेताओं की भी निगाहें टिकी हैं।

प्रदेश में कुल 41 जिलों के 1403 जिला परिषद वार्ड और 457 पंचायत समितियों के 8245 वार्डों में चुनाव हुए हैं। इनमें से 37 जिलों के 1275 जिला परिषद वार्ड और 419 पंचायत समितियों के 7543 वार्डों की मतगणना 20 नवंबर को होगी। शेष चार जिलों कोटा, बारां, करौली और श्रीगंगानगर में चुनाव की प्रक्रिया बाद में पूरी होगी।

राठौड़ के बेटे-बहू सहित कई राजनीतिक परिवार मैदान में

चूरू में पूर्व मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़ के बेटे पराक्रम सिंह और बहू कनिका सिंह जिला परिषद सदस्य का चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस विधायक नरेंद्र बुडानिया की पत्नी कनक बुडानिया भी जिला परिषद सदस्य की प्रत्याशी हैं। उन्हें जिला प्रमुख पद का दावेदार माना जा रहा है। कांग्रेस विधायक पूसाराम गोदारा की पत्नी नानी देवी पंचायत समिति सदस्य का चुनाव लड़ रही हैं और प्रधान पद की दावेदार हैं।

Read More गाँधी की विरासत पुस्तक का लोकार्पण, प्रो. पुरुषोत्तम अग्रवाल बोले- गाँधी के विचार ही देश की अनमोल धरोहर

जैसलमेर में पूर्व मंत्री सालेह मोहम्मद के भाई अमीन खान फकीर और अमरदीन फकीर जिला परिषद सदस्य के चुनाव मैदान में हैं। अमरदीन फकीर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष भी हैं। पूर्व विधायक रूपाराम धनदेव के बेटे हरीश और बेटी अंजना भी जिला परिषद सदस्य का चुनाव लड़ रहे हैं।

Read More सरकारी खरीद में बड़ा बदलाव, 56 वस्तुओं की खरीद GeM पोर्टल से ही होगी 

बीकानेर से जोधपुर तक रिश्तेदारों की चुनावी परीक्षा

Read More लोकमंथन-2026 : सीएम भजनलाल शर्मा ने स्वागत समिति की बैठक में की तैयारियों की समीक्षा, बोले- राजस्थान की धरा पर आयोजन होना गौरव और सौभाग्य की बात

बीकानेर में पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी और मौजूदा विधायक सुशीला डूडी की पुत्रवधू निकिता डूडी जिला परिषद सदस्य की प्रत्याशी हैं। पूर्व मंत्री गोविंद मेघवाल की बेटी भी चुनाव मैदान में हैं। जोधपुर में पूर्व सांसद बद्री जाखड़ की दोहिती और पूर्व विधायक मलखान सिंह के बेटे जिला परिषद सदस्य का चुनाव लड़ रहे हैं। पूर्व विधायक हीराराम मेघवाल के बेटे महेश मेघवाल भी प्रत्याशी हैं।

उदयपुर में पूर्व सांसद रघुवीर मीणा की पत्नी बसंती देवी मीणा सलूंबर से जिला परिषद सदस्य का चुनाव लड़ रही हैं। वे पहले सराड़ा की प्रधान रह चुकी हैं। पूर्व मंत्री खेमराज कटारा के बेटे विवेक कटारा पंचायत समिति सदस्य के प्रत्याशी हैं और प्रधान पद के दावेदार हैं। मावली विधायक पुष्कर लाल डांगी के बेटे शांतिलाल डांगी और उदयपुर ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा की बेटी संजना मीणा भी जिला परिषद सदस्य के चुनाव में उतरे हैं।

दौसा, सीकर, टोंक और सवाई माधोपुर में भी दांव

दौसा में कांग्रेस विधायक डीसी बैरवा की पत्नी बीना बैरवा जिला परिषद सदस्य का चुनाव लड़ रही हैं। पूर्व मंत्री ममता भूपेश की बेटी देवांगना भूपेश भी प्रत्याशी हैं। सीकर में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष दीपेंद्र सिंह शेखावत की पुत्रवधू राजराजेश्वरी चुनाव मैदान में हैं।

टोंक में पूर्व विधायक प्रशांत बैरवा की पत्नी सुषमा बैरवा और पूर्व उप मुख्यमंत्री बनवारी लाल बैरवा की बेटी अलका जिला परिषद सदस्य का चुनाव लड़ रही हैं। पूर्व मंत्री अशोक बैरवा की पत्नी और बेटा भी चुनाव मैदान में हैं। सवाई माधोपुर में अशोक बैरवा की पत्नी आशा देवी बैरवा जिला परिषद सदस्य की प्रत्याशी हैं। उन्हें जिला प्रमुख पद का दावेदार माना जा रहा है। उनके बेटे संजय बैरवा पंचायत समिति सदस्य का चुनाव लड़ रहे हैं।

नतीजों के बाद शुरू होगा जिला प्रमुख और प्रधान का गणित

मतगणना जिला मुख्यालयों पर वार्डवार होगी। जयपुर में भवानी निकेतन कॉलेज ऑफ फार्मेसी को मतगणना केंद्र बनाया गया है। एक समय में एक वार्ड की मतगणना होगी और परिणाम घोषित होने के बाद संबंधित उम्मीदवारों व एजेंटों को बाहर भेजा जाएगा।

नतीजों के बाद जिला प्रमुख और प्रधान के चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होंगी। भाजपा और कांग्रेस ने कई जिलों में अपने प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी कर रखी है। भरतपुर में प्रत्याशियों को होटल और फार्महाउस में रखा गया है। कुछ प्रत्याशियों को जयपुर और प्रदेश से बाहर भी भेजा गया है। पुष्कर और चित्तौड़गढ़ के रिसॉर्ट में भी प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी के दौरान मनोरंजन के वीडियो सामने आए हैं।

इन 37 जिलों में 25 नवंबर को जिला प्रमुख और 27 नवंबर को प्रधान के चुनाव होंगे। वहीं कोटा, बारां, करौली और श्रीगंगानगर में जिला प्रमुख के चुनाव 22 दिसंबर तथा प्रधान के चुनाव 24 दिसंबर को होंगे।

 

Post Comment

Comment List

Latest News

शेयर बाजारों में लौटी तेजी, सेंसेक्स 990 अंक चढ़कर 11 महीने के उच्चतम स्तर पर शेयर बाजारों में लौटी तेजी, सेंसेक्स 990 अंक चढ़कर 11 महीने के उच्चतम स्तर पर
घरेलू शेयर बाजारों में शुरुआती गिरावट के बाद गुरुवार को जबरदस्त तेजी लौटी और प्रमुख सूचकांक 11 महीने के उच्चतम...
यूक्रेन पर फिर बरपा रूस कर कहर, हवाई हमले में 4 लोगों की मौत; 13 अन्य घायल
यूएई जाने से पहले पर्याप्त चिकित्सा बीमा जरूर करवाएं, अचानक बीमारी या मेडिकल इमरजेंसी में भारी खर्च से बचाएगा बीमा 
कमजोर सर्दी से गुड़ बाजार में सुस्ती, पिछले साल से 1,000 रुपए महंगा होने पर भी ग्राहकी ठंडी
पंचायत चुनाव: कल खुलेगा 37 जिलों के 8,818 वार्डों का जनादेश, नतीजों के बाद जिला प्रमुख और प्रधान पदों के लिए शुरू होगी जोड़तोड़
एमसीएचएन दिवस पर गर्भवती महिलाओं की सघन जांच, सीएमएचओ ने किया वैशाली नगर यूपीएचसी का निरीक्षण
इंदिरा गांधी की 109वीं जयंती पर पीसीसी मुख्यालय में पुष्पांजलि, 200 से अधिक महिलाएं सम्मानित