पंचायत राज चुनाव : 21-22 अक्टूबर को बीजेपी मुख्यालय में बैठकों का दौर, तीसरे चरण के प्रत्याशी होंगे तय
भाजपा ने उम्मीदवारों के चयन की तैयारी शुरू
जयपुर। राजस्थान में पंचायत राज चुनाव के तीसरे चरण को लेकर भाजपा ने उम्मीदवारों के चयन की तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत 21 और 22 अक्टूबर को जयपुर स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में बैठकों का दौर चलेगा। इन बैठकों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा कर उन्हें अंतिम रूप दिया जाएगा। बैठकों में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ मौजूद रहेंगे। 21 अक्टूबर को 13 जिलों के लिए बैठकें आयोजित होंगी। इनमें अजमेर संभाग के ब्यावर, डीडवाना-कुचामन और टोंक, उदयपुर संभाग के प्रतापगढ़, चित्तौड़गढ़ और सलूंबर, बीकानेर संभाग के चूरू, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर शामिल हैं। इसके अलावा जयपुर संभाग के खैरथल-तिजारा, जोधपुर संभाग के बालोतरा तथा कोटा संभाग के बारां और बूंदी जिलों के प्रत्याशियों के चयन पर चर्चा होगी।
वहीं, 22 अक्टूबर को चार जिलों की बैठकें होंगी। इनमें भरतपुर संभाग के भरतपुर, डीग और धौलपुर के साथ सवाई माधोपुर जिले के प्रत्याशियों के नामों पर विचार किया जाएगा। दो दिनों तक चलने वाली इन बैठकों में स्थानीय समीकरणों और उम्मीदवारों के चयन पर चर्चा के बाद जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए प्रत्याशियों के नाम तय किए जाएंगे।

Comment List