पंचायती राज चुनाव-2026 : भाजपा में अब बागियों और नाराज कार्यकर्ताओं को मनाने की कवायद शुरू
जिलों के प्रत्याशियों पर मुहर लगाई
जयपुर। राजस्थान में पंचायती राज चुनाव 2026 के पहले चरण के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 16 जिलों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के वार्डवार चेहरे घोषित करने के बाद अब बागियों तथा नाराज कार्यकर्ताओं को मनाने की कवायद शुरू कर दी है। पार्टी ने इस जिम्मेदारी सांसदों, विधायकों, जिला अध्यक्षों और स्थानीय नेताओं को सौंपी है।
सोमवार देर रात तक चले गहन मंथन में भाजपा ने पहले चरण के जिलों के प्रत्याशियों पर मुहर लगाई। चयनित उम्मीदवारों को फोन पर टिकट फाइनल होने की सूचना दी गई। उनके चुनाव चिह्न मंगलवार सुबह यानी आज बांटे गएहैं। सिंबल वितरण की जिम्मेदारी स्थानीय विधायकों और जिलाध्यक्षों को दी गई है। जिन सीटों पर विवाद या जटिलता रही, उन्हें आखिर में फाइनल किया गया।
भाजपा ने पहले निकाय चुनावों में भी बागियों के खिलाफ कार्रवाई की थी, लेकिन साथ ही उन्हें मनाने की कोशिशें भी की थीं। अब पंचायत चुनाव में एकजुटता बनाए रखने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों और संगठन के नेताओं को नाराज कार्यकर्ताओं से संपर्क कर समझाइश करने का जिम्मा दिया गया है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, टिकट न मिलने से कुछ दावेदारों में असंतोष है। ऐसे में सांसद-विधायक स्तर पर व्यक्तिगत संपर्क और जिला स्तर पर बैठकों के जरिए बागियों को पार्टी लाइन में लाने की कोशिश तेज की जा रही है। भाजपा पंचायत चुनाव को निकाय चुनाव जैसी सफलता में बदलने के लक्ष्य के साथ संगठन को सक्रिय कर रही है।

Comment List