चिकित्सा विभाग में पदोन्नतियों की राह हुई साफ, जम्बो डीपीसी के बाद जारी होने लगे आदेश
बैठक में 16 ड्रग ऑफिसर्स को भी पदोन्नति देने का निर्णय
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में लंबे समय से लंबित पदोन्नतियों को लेकर बना असंतोष अब समाप्त होने लगा। विभाग ने जम्बो डीपीसी के फैसलों पर अमल करते हुए पदोन्नति आदेश जारी करने शुरू कर दिए। इससे प्रदेशभर के चिकित्सकों को बड़ी राहत मिली।
जयपुर। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में लंबे समय से लंबित पदोन्नतियों को लेकर बना असंतोष अब समाप्त होने लगा है। विभाग ने जम्बो डीपीसी (विभागीय पदोन्नति समिति) के फैसलों पर अमल करते हुए पदोन्नति आदेश जारी करने शुरू कर दिए हैं। इससे प्रदेशभर के चिकित्सकों को बड़ी राहत मिली है। विभागीय जानकारी के अनुसार 16 जनवरी को आयोजित डीपीसी की बैठक में मेडिकल ऑफिसर से सीनियर मेडिकल ऑफिसर, सीनियर मेडिकल ऑफिसर से डिप्टी डायरेक्टर तथा कनिष्ठ विशेषज्ञ से वरिष्ठ विशेषज्ञ के पद पर पदोन्नति सहित कुल 1550 से अधिक चिकित्सकों के पदोन्नति प्रस्तावों को मंजूरी दी गई थी। इसी बैठक में 16 ड्रग ऑफिसर्स को भी पदोन्नति देने का निर्णय लिया गया था।
हालांकि, डीपीसी बैठक के बाद करीब 25 दिन तक पदोन्नति आदेश जारी नहीं होने से विभाग में असंतोष बढ़ता जा रहा था। चिकित्सक संगठनों और कर्मचारियों में नाराजगी देखी जा रही थी। इस मुद्दे को फर्स्ट इंडिया न्यूज चैनल ने प्रमुखता से उठाया, जिसके बाद विभाग पर दबाव बढ़ा और अब पदोन्नति आदेश जारी होने लगे हैं। सूत्रों के मुताबिक विभाग द्वारा अधिकांश पदोन्नति आदेश बैक डेट में जारी किए गए हैं, ताकि वरिष्ठता, वेतनमान और अन्य सेवा लाभों पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। आदेश जारी होते ही चिकित्सकों में संतोष का माहौल है और लंबे समय से प्रतीक्षा कर रहे अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां संभालने का अवसर मिल रहा है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि शेष बचे पदोन्नति मामलों में भी जल्द ही आदेश जारी किए जाएंगे। माना जा रहा है कि इन पदोन्नतियों से न केवल चिकित्सकों का मनोबल बढ़ेगा, बल्कि प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं की प्रशासनिक व्यवस्था भी और अधिक मजबूत होगी।

Comment List