पोकलेन मशीन गहरी खाई में गिरी : ऑपरेटर की मौत, जानें पूरा मामला
घटना शाम करीब 6 बजे जगदंबा क्रेशर की खदान में
जयपुर। दौलतपुरा थाना इलाके के खोरा श्यामदास में सोमवार शाम पत्थर की खदान में पोकलेन मशीन अचानक फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में मशीन ऑपरेटर चेतलाल पंडित (30) की मौत हो गई। घटना शाम करीब 6 बजे जगदंबा क्रेशर की खदान में हुई। थानाधिकारी महेंद्र सिंह यादव ने बताया कि खदान में एलएनटी/पोकलेन मशीन से काम चल रहा था। इसी दौरान मशीन अचानक फिसल गई और खाई में जा गिरी। मशीन चला रहे चेतलाल भी उसके साथ नीचे जा गिरे। गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई। मृतक झारखंड के हजारीबाग जिले के काल्हाबाद का रहने वाला था और करीब 8 से 10 साल से पोकलेन मशीन चलाने का काम कर रहा था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कांवटिया अस्पताल की मॉच्यूरी में रखवाया। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस ने हादसे को लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
अवैध खनन के आरोपों ने बढ़ाई चिंता हादसे के बाद क्षेत्र में संचालित पत्थर की खदानों में कथित अवैध खनन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय स्तर पर खोरा श्यामदास और टोडी क्षेत्र में नियमों की अनदेखी कर खनन किए जाने के आरोप सामने आते रहे हैं। खनन विभाग की निगरानी और शिकायतों पर कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। हालांकि, संबंधित खदान में खनन की वैधता, अनुमति और सुरक्षा मानकों की वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। हादसे के कारणों और नियमों के पालन की जांच संबंधित विभाग द्वारा की जानी बाकी है।

Comment List