पुलिस की कार्रवाई : चोरी के जेवर के साथ नकबजन गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त चोरी की बाइक जब्त
अलमारी से सोने-चांदी के जेवर चोरी मिले
हरमाड़ा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शातिर चोर दिनेश को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने दौलतपुरा में सूने मकान से लाखों के सोने-चांदी के जेवर चोरी किए थे। पुलिस ने 30-40 CCTV फुटेज खंगालकर आरोपी तक पहुंच बनाई। नशे का आदी आरोपी दिन में रैकी कर वारदात को अंजाम देता था।
जयपुर। हरमाड़ा थाना पुलिस ने शुक्रवार को एक शातिर नकबजन दिनेश निवासी दौलतपुरा रोड हरमाड़ा को गिरफ्तार कर चोरी किए गए लाखों रुपए के जेवर बरामद कर वारदात में प्रयुक्त चोरी की बाइक जब्त की है। पुलिस उपायुक्त पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि गत 14 मई को दौलतपुरा निवासी विकास मिश्रा ने रिपोर्ट दी कि वह परिवार सहित उत्तर प्रदेश के इटावा गया हुआ था। लौटने पर मुख्य गेट और कमरों के ताले टूटे मिले तथा अलमारी से सोने-चांदी के जेवर चोरी पाए गए।
पुलिस ने घटनास्थल के आस-पास लगे 30 से 40 सीसीटीवी कैमरों को खंगाला और संदिग्धों की गतिविधियों का विश्लेषण किया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी नशे का आदी है और शौक पूरे करने के लिए कॉलोनियों में दिन में रैकी करता था। मौका देखकर नकदी और जेवर चोरी कर लेता था।

Comment List