पुलिस ने की एरिया डोमिनेशन की कार्रवाई : 23 साल से फरार स्थायी वारंटी गिरफ्तार, 36 लोगों के खिलाफ निरोधात्मक एक्शन
अवैध शराब और सट्टे के खिलाफ भी केस दर्ज
जयपुर। जवाहर नगर थाना पुलिस ने एरिया डोमिनेशन की कार्रवाई करते हुए 23 साल से फरार चल रहे एक स्थायी वारंटी समेत 4 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया है। अभियान के दौरान 36 व्यक्तियों के खिलाफ शांति भंग की आशंका में निरोधात्मक कार्रवाई की गई, वहीं अवैध शराब बिक्री और सट्टेबाजी के मामलों में भी मुकदमे दर्ज किए गए। पुलिस उपायुक्त पूर्व रंजीता शर्मा ने बताया कि विशेष पुलिस आयुक्त के निर्देश पर 23 और 24 जून को चलाए गए एरिया डोमिनेशन अभियान के तहत आदतन अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों, फरार आरोपियों और वारंटियों की धरपकड़ के लिए जवाहर नगर थाना क्षेत्र में विशेष टीमों का गठन किया गया। अभियान का नेतृत्व थाना प्रभारी सरला यादव ने किया।
पशु चोरी के मामले में 23 साल से फरार आरोपी दबोचा
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पशु चोरी के एक पुराने मामले में पिछले 23 वर्षों से फरार चल रहे स्थायी वारंटी भजनी उर्फ भजनलाल मीणा को गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा तीन अन्य स्थायी वारंटियों को भी गिरफ्तार किया गया, जबकि चार वारंटों का अन्य तरीकों से निस्तारण किया गया। अवैध शराब और सट्टेबाजी पर भी शिकंजा अभियान के दौरान पुलिस ने एक व्यक्ति को अवैध शराब बेचते हुए पकड़ा और उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। वहीं एक अन्य आरोपी को सट्टेबाजी करते हुए गिरफ्तार कर जुआ अधिनियम में कार्रवाई की गई। 36 लोगों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने 36 व्यक्तियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की।

Comment List