विधानसभा में प्रश्नकाल से कार्यवाही की शुरुआत, ध्यानाकर्षण प्रस्ताव और याचिकाओं पर चर्चा
23 तारांकित और 24 अतारांकित प्रश्न सूचीबद्ध
राजस्थान विधानसभा में आज सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे प्रश्नकाल से शुरू। आज के प्रश्नकाल में कुल 23 तारांकित और 24 अतारांकित प्रश्न सूचीबद्ध। कृषि, उद्योग, शिक्षा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, राजस्व, सहकारिता तथा ऊर्जा विभाग से जुड़े मुद्दों पर सदन में सवाल-जवाब होंगे।
जयपुर। राजस्थान विधानसभा में आज सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे प्रश्नकाल से शुरू होगी। आज के प्रश्नकाल में कुल 23 तारांकित और 24 अतारांकित प्रश्न सूचीबद्ध हैं। कृषि, उद्योग, शिक्षा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, राजस्व, सहकारिता तथा ऊर्जा विभाग से जुड़े मुद्दों पर सदन में सवाल-जवाब होंगे। सदन में आज ध्यानाकर्षण प्रस्तावों पर भी चर्चा होगी। विधायक संदीप शर्मा यूडीएच मंत्री का ध्यान कोटा शहर स्थित दौलतगंज, रंगबाड़ी और काला तालाब को संरक्षित एवं पुनर्जीवित किए जाने की आवश्यकता की ओर आकर्षित करेंगे। वहीं विधायक ललित यादव पंचायती राज मंत्री का ध्यान खैरथल-तिजारा की पंचायत समिति मुंडावर के ग्राम सोरखा कलां में वर्ष 2020 से जनवरी 2026 के बीच कराए गए विकास कार्यों में कथित अनियमितताओं से उत्पन्न स्थिति की ओर दिलाएंगे।
सदन में विभिन्न जनहित मुद्दों पर याचिकाएं भी प्रस्तुत की जाएंगी। विधायक कल्पना देवी कोटा के बोरखेड़ा क्षेत्र में कच्चे नालों को पक्का कराने की मांग उठाएंगी। विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी बगरू स्थित कनिष्ठ अभियंता कार्यालय बड़के बालाजी को सहायक अभियंता कार्यालय में क्रमोन्नत करने की याचिका पेश करेंगी। इसके अलावा विधायक हमीर सिंह भायल सिवाना उपखंड मुख्यालय पर इनडोर स्टेडियम निर्माण की मांग रखेंगे, जबकि विधायक छगन सिंह राजपूत आहोर में सुचारू ड्रेनेज व्यवस्था को लेकर याचिका लगाएंगे। विधायक रविंद्र सिंह भाटी शिव क्षेत्र के ग्राम सोलंकिया में पेयजल समस्या के समाधान की मांग सदन में उठाएंगे। उधर, राज्य बजट पर चर्चा आज भी जारी रहेगी। बजट बहस का आज तीसरा दिन है और कल राज्य सरकार की ओर से बजट पर जवाब प्रस्तुत किया जाएगा।

Comment List