जयपुर-अलवर में बारिश : बाकी जगहों पर सूखा, जेएलएन मार्ग, मालवीय नगर सहित कुछ इलाकों में हुई बारिश
बादल छाए और बूंदाबांदी ही हुई
जयपुर। राजधानी जयपुर में गुरुवार दोपहर बाद कई इलाकों में मौसम बदला और बादल छाए। वहीं, शहर के जेएलएन मार्ग, मालवीय नगर सहित आसपास के इलाकों में कुछ देर के लिए तेज बारिश हुई। वहीं बाकी शहर में बादल छाए और बूंदाबांदी ही हुई। अलवर में भी तेज बारिश से सड़कों पर पानी भर गया। वहीं प्रदेश में शुक्रवार को अलवर, बांसवाड़ा, बारां, भरतपुर सहित 17 जिलों में बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग केन्द्र जयपुर से मिली जानकारी के अनुसार वर्तमान में पूर्वी भारत के ऊपर बना वेल मार्क लो प्रेशर कमजोर होकर लो प्रेशर एरिया में परिवर्तित हो चुका है। मानसून ट्रफ लाइन सामान्य से उत्तर की ओर से होकर गुजर रही है। इसके असर से पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग के अधिकांश भागों में आगामी एक सप्ताह मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि गंगानगर, हनुमानगढ़, चुरु व आसपास के क्षेत्रों में 21-23 अगस्त के दौरान कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश होने की संभावना है।
पूर्वी राजस्थान के उदयपुर, कोटा, अजमेर संभाग के अधिकांश भागों में भी आगामी एक सप्ताह कमजोर मानसून परिस्थितियां रहने व अधिकांश भागों में मौसम शुष्क रहने की प्रबल संभावना है। हालांकि उत्तरी व उत्तर-पूर्वी भागों के भरतपुर, जयपुर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र के जिलों में 20 से 23 अगस्त को कुछ भागों में हल्की मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस बीच राजधानी जयपुर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री दर्ज किया गया।

Comment List