जयपुर सहित कई जिलों में थमा बारिश का दौर: झालावाड़ में साढ़े चार इंच बारिश, कोटा में बांध के 13 के गेट खोले; आज से एक सप्ताह फिर कमजोर पड़ेगा मानसून
4 सितंबर से दोबारा बारिश के आसार
जयपुर। प्रदेश में मानसून की बारिश का दौर शुक्रवार से अधिकांश जिलों में थम जाएगा। एक एक सप्ताह मानसून प्रदेश में कमजोर रहेगा और इस दौरान तापमान बढ़ने से गर्मी का असर फिर तेज हो जाएगा। हालांकि चार सितम्बर से मौसम विभाग ने एक बार फिर बारिश के आसार जताए हैं। इस बीच बीते 24 घंटों में पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में मध्यम से कहीं कहीं भारी बारिश दर्ज की गई। सर्वाधिक बारिश झालावाड़ के बकानी 114 एमएम दर्ज की गई। झालावाड़ में कालीसिंध नदी में लगातार पानी आने से बांध का एक गेट खोलकर पानी की निकासी की गई। कोटा के नोनेरा बांध के 13 गेट खोलकर पानी की निकासी की जा रही है।
नदी किनारे बसे 25 गांवों में अलर्ट जारी कर नदी और बहाव क्षेत्र से दूरे की अपील प्रशासन ने की है। इधर कोटा बैराज, जवाहर सागर, बीसलपुर, ईसरदा, गालवा, गुढ़ा बांध में भी पानी की आवक हो रही है, जिससे बांधों का जलस्तर बढ़ गया है। इधर राजधानी जयपुर सहित अधिकांश जिलों में गुरुवार को मौसम साफ रहा और धूप खिली रही। इससे तापमान में फिर से बढ़ोतरी हो गई है और गर्मी का असर बढ़ गया है। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान श्रीगंगानगर में 41.4 डिग्री दर्ज किया गया। जयपुर में अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.9 डिग्री दर्ज किया गया।
चार सितम्बर से फिर चलेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग केन्द्र जयपुर से मिली जानकारी के अनुसार राज्य में अब आगामी एक सप्ताह तक मानसून कमजोर रहेगा। ऐसे में तापमान में फिर से बढ़ोतरी होने से गर्मी का असर भी बढ़ेगा। वहीं सितम्बर के पहले सप्ताह में चार सितम्बर से सात सितम्बर तक पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में फिर से बारिश का दौर शुरु होने की संभावना है।

Comment List