राजस्थान विधानसभा : गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना का मुद्दा सदन में गूंजा, दोषियों के खिलाफ कार्यवाही का आश्वासन
शिकायतों पर कार्रवाई की मांग की
राजस्थान विधानसभा में मालवीय नगर विधायक कालीचरण सराफ ने सहकारी गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना पर सवाल उठाए। मंत्री गौतम कुमार दक ने बताया कि जयपुर में 7 हजार से अधिक लाभार्थियों को 38 करोड़ रुपए का ऋण दिया गया। शिकायतों की जांच एसीबी से कराई जाएगी।
जयपुर। राजस्थान विधानसभा में मालवीय नगर विधायक कालीचरण सराफ ने सहकारी गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना पर सवाल उठाया। यह योजना पशुपालक गोपालकों को पशुपालन संबंधी खर्चों (चारा, दवा आदि) के लिए 1 लाख रुपए तक ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराती है। सराफ ने मुख्य रूप से जयपुर जिले में योजना के क्रियान्वयन, आवेदनों की स्थिति और शिकायतों पर कार्रवाई की मांग की।
सहकारिता मंत्री गौतम कुमार दक ने जवाब देते हुए बताया कि जयपुर जिले में करीब 14 हजार आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से जांच के बाद 7 हजार से अधिक आवेदकों को 38 करोड़ रुपए का ऋण वितरित किया गया। राज्य स्तर पर कुल 90 हजार लाभार्थियों से फीडबैक लिया जा रहा है। सराफ ने योजना में आई शिकायतों, विशेषकर सेवा के नाम पर अनुचित शुल्क वसूली और अन्य अनियमितताओं पर सवाल किया। मंत्री ने स्पष्ट किया कि चौहटन विधायक की शिकायत पर पहले ही कार्रवाई हुई है। अब पूरे मामले की जांच एसीबी से कराई जाएगी। यदि किसी भी स्तर पर सेवा के नाम पर शुल्क लिया गया तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

Comment List