ऐतिहासिक स्मारकों पर सजेगी सेवा के रंग राष्ट्र के संग की रंगोली, आमेर महल से जंतर-मंतर तक योजनाओं से संबंधित रंगोलियों का होगा प्रदर्शन
प्रमुख पर्यटन एवं ऐतिहासिक स्थलों को भी इस गतिविधि से जोड़ा
जयपुर। विकसित भारत-जन सेवा अभियान के तहत प्रदेश के ऐतिहासिक स्मारकों पर सेवा के रंग राष्ट्र के संग गतिविधि का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत 24 सितंबर और 11 अक्टूबर को सार्वजनिक स्थानों पर विभिन्न योजनाओं से संबंधित विषयों पर आधारित रंगोलियां बनाई जाएंगी। राजधानी जयपुर के प्रमुख पर्यटन एवं ऐतिहासिक स्थलों को भी इस गतिविधि से जोड़ा गया है। पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग की ओर से आमेर महल, जंतर-मंतर स्मारक, नाहरगढ़ दुर्ग, अल्बर्ट हॉल संग्रहालय और हवामहल स्मारक सहित प्रदेश के अन्य संरक्षित स्मारकों पर आकर्षक रंगोलियां बनाई जाएंगी। रंगोलियों के माध्यम से विभिन्न सरकारी योजनाओं और जनसेवा से जुड़े संदेशों को रचनात्मक तरीके से प्रदर्शित किया जाएगा।
इस संबंध में पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग के निदेशक डॉ. पंकज धरेन्द्र ने आदेश जारी कर संबंधित अधिकारियों को गतिविधि के आयोजन के निर्देश दिए हैं। ऐतिहासिक स्मारकों पर होने वाली यह गतिविधि पर्यटकों और आमजन के लिए भी आकर्षण का केंद्र रहेगी तथा स्मारकों को जनजागरूकता गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास होगा।

Comment List