RCA की एजीएम खत्म, वोटिंग शुरू! धनंजय सिंह खींवसर और बृजकिशोर उपाध्याय आमने-सामने, छह पदों पर सीधा मुकाबला
जिला क्रिकेट संघों के अधिकारियों में भारी उत्साह
जयपुर। राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (आरसीए) की साधारण सभा की बैठक मंगलवार को पूरी हो गई और इसके साथ ही चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया। अध्यक्ष पद पर धनंजय सिंह खींवसर और बृजकिशोर उपाध्याय आमने-सामने हैं। दोनों के पैनल आरसीए के छह पदों के लिए मैदान में हैं। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार मतदान के बाद मतगणना और परिणाम की प्रक्रिया होनी थी।
मतदान से पहले धनंजय सिंह खींवसर अपने समर्थकों के साथ एजीएम स्थल पहुंचे। इसके बाद बृजकिशोर उपाध्याय गुट के सदस्य भी पहुंचे। उनके साथ राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी की मौजूदगी ने मुकाबले को और चर्चा में ला दिया। इस बीच चुनाव परिणाम को लेकर कानूनी पेच फंस गया है। सूत्रों के अनुसार तीन नए जिलों को मतदाता सूची में शामिल करने के चुनाव अधिकारी के फैसले के खिलाफ पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी मेघा गौड की ओर से दायर याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। बताया जा रहा है कि कोर्ट ने फिलहाल चुनाव परिणाम घोषित करने पर रोक के निर्देश दिए हैं। हालांकि मतदान प्रक्रिया जारी रहने की जानकारी है।
सूत्रों के मुताबिक, सुनवाई के दौरान खिलाड़ियों के प्रतिनिधियों के रूप में मेघा गौड और संजय व्यास को वोटिंग अधिकार देने का निर्देश भी दिया गया है। इस घटनाक्रम से मतदान के बाद होने वाली मतगणना और परिणाम की घोषणा पर स्थिति स्पष्ट होने तक असमंजस बना रहेगा। अब निगाहें सुप्रीम कोर्ट के आदेश और चुनाव अधिकारी के अगले कदम पर हैं कि मतदान के बाद मतों की गिनती कब और किस प्रक्रिया के तहत होगी।
एक बजे तक 81 प्रतिशत मतदाताओं ने किया वोट
राजस्थान क्रिकेट संघ (आरसीए) के चुनाव में छह पदों के लिए मतदान जारी हैं और अपराह्न एक बजे तक 81 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार मतदान मंगलवार पूर्वाह्न साढ़े 11 बजे शांतिपूर्वक शुरू हुआ और अपराह्न एक बजे तक 38 मतदाताओं में 31 मतदाता अपने वोट डाल चुके थे। सचिव पद के लिए मोहित यादव और पिंकेश जैन एवं संयुक्त सचिव पद पर विनोद सहारन और राजेश सारस्वत जबकि कोषाध्यक्ष पद पर आशीष तिवाड़ी का मुकाबला विष्णु प्रताप अग्रवाल प्रत्याशी हैं। इनके अलावा एक कार्यकारी सदस्य पद के लिए अरिष्ठ सिंघवी और धर्मवीर सिंह शेखावत चुनाव मैदान में हैं।

Comment List