ग्रीष्मकाल में राहत : उत्तर-पश्चिम रेलवे की 22 स्पेशल ट्रेनें, यात्रियों को बड़ी सौगात
धार्मिक और पर्यटन स्थलों के लिए बढ़ाई गई कनेक्टिविटी
गर्मियों की छुट्टियों में यात्रा करने वालों के लिए उत्तर-पश्चिम रेलवे ने बड़ी राहत। बढ़ती यात्री मांग को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने अप्रैल से जून और कई रूटों पर जुलाई तक 22 ग्रीष्मकालीन स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू।
जयपुर। गर्मियों की छुट्टियों में यात्रा करने वालों के लिए उत्तर-पश्चिम रेलवे ने बड़ी राहत दी है। बढ़ती यात्री मांग को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने अप्रैल से जून और कई रूटों पर जुलाई तक 22 ग्रीष्मकालीन स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया है। हर साल गर्मियों में धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर यात्रियों की भारी भीड़ रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने नियमित ट्रेनों के साथ अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों की व्यवस्था की है, ताकि यात्रियों को टिकट और यात्रा में परेशानी का सामना न करना पड़े। रेलवे अधिकारियों के अनुसार हरिद्वार, ऋषिकेश, वाराणसी जैसे धार्मिक शहरों के साथ-साथ मुंबई, पुणे और गुजरात के प्रमुख शहरों के लिए भी यात्रियों की मांग सबसे ज्यादा रहती है। इसके अलावा खाटूश्यामजी जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए रेवाड़ी–रींगस रूट पर विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं। सबसे अधिक ट्रिप्स वाली ट्रेनों में जयपुर–भिवानी स्पेशल शामिल है, जो 15 अप्रैल से 15 जुलाई तक 92 ट्रिप लगाएगी।
वहीं मदार–रोहतक–मदार स्पेशल 77 ट्रिप के साथ यात्रियों को बड़ी सुविधा देगी। मुंबई सेंट्रल–भिवानी वाया जयपुर ट्रेन 31 मार्च से 31 जुलाई तक 36 ट्रिप करेगी। इसके अलावा बीकानेर–साईनगर शिर्डी, हिसार–वलसाड, अजमेर–सोलापुर और भगत की कोठी–बांद्रा टर्मिनस जैसे रूटों पर भी लंबी अवधि तक ट्रेनें संचालित रहेंगी। गुजरात और महाराष्ट्र की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए भी कई विकल्प उपलब्ध कराए गए हैं। अजमेर और जयपुर से बांद्रा टर्मिनस, राजकोट, वलसाड, खड़की और दौंड जैसे स्टेशनों तक विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं। उत्तराखंड के योगनगरी ऋषिकेश और हरिद्वार के लिए भी स्पेशल ट्रेनें यात्रियों की सुविधा बढ़ाएंगी।

Comment List