मुख्यमंत्री से मिले विमुक्त, घुमंतू एवं अर्धघुमंतू समाज के प्रतिनिधि, जताया आभार
बजट घोषणाओं के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का जताया आभार
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से रविवार को विमुक्त, घुमंतू एवं अर्धघुमंतू जनजाति समाज के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर बजट घोषणाओं के लिए आभार जताया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने देवी अहिल्या बाई होल्कर की 301वीं जयंती के प्रदेश स्तरीय समारोह के पोस्टर का विमोचन किया और सभी वर्गों के उत्थान की प्रतिबद्धता दोहराई।
जयपुर। भजनलाल शर्मा से रविवार को मुख्यमंत्री निवास पर गडरिया, गायरी, धनगर, पाल बघेल सहित विमुक्त, घुमंतू एवं अर्धघुमंतू जनजाति समाज के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने राज्य बजट में समाज हित में की गई घोषणाओं और विभिन्न कल्याणकारी प्रयासों के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने देवी अहिल्या बाई होल्कर की 301वीं जयंती पर आयोजित होने वाले प्रदेश स्तरीय समारोह के पोस्टर का विमोचन भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार समाज के सभी वर्गों के उत्थान और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है तथा विमुक्त, घुमंतू एवं अर्धघुमंतू समाज के विकास के लिए विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों को प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है। कार्यक्रम में विमुक्त, घुमंतू एवं अर्धघुमंतू जनजाति महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष दुष्यंत कुमार बघेल सहित बड़ी संख्या में समाज के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Comment List