पंचायती राज चुनाव की निकली लॉटरी : 22 पंचायत समितियों में प्रधान पद का आरक्षण तय, कहीं महिला तो कहीं एससी-एसटी वर्ग को मौका
तूंगा और आंधी में अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षण
जयपुर। जिले की 22 पंचायत समितियों में प्रधान पद के लिए आरक्षण की तस्वीर बुधवार को साफ हो गई। जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक की मौजूदगी में आरक्षण लॉटरी निकाली गई। लॉटरी के बाद विभिन्न पंचायत समितियों में प्रधान पद अलग-अलग आरक्षित वर्गों के लिए तय किए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने बताया कि रामपुरा डाबड़ी पंचायत समिति प्रधान पद अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित हुआ हैं। वहीं तूंगा और आंधी में अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षण हुआ है। चौमूं पंचायत समिति अनुसूचित जनजाति तथा अमरसर अनुसूचित जनजाति महिला के लिए आरक्षित हुई है। किशनगढ़ रेनवाल में एसटी वर्ग के लिए प्रधान पद आरक्षित किया गया है।
इसी प्रकार जोबनेर में अन्य पिछड़ा वर्ग महिला और माधोराजपुरा में ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षण हुआ है। सांगानेर भी ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षित हुई है, जबकि मौजमाबाद में महिला के लिए प्रधान पद आरक्षित किया गया है। लॉटरी के अनुसार गोविंदगढ़, जालसू, चाकसू, दूदू, आमेर और झोटवाड़ा पंचायत समितियों में प्रधान पद सामान्य महिला वर्ग के लिए आरक्षित किए गए हैं। वहीं सांभरलेक, जमवारामगढ़, शाहपुरा, बस्सी और फागी पंचायत समितियों में प्रधान पद सामान्य वर्ग के लिए रहेगा। आरक्षण की घोषणा के साथ ही पंचायत समिति क्षेत्रों में चुनावी गतिविधियां तेज होने की संभावना है। अब संभावित प्रत्याशी अपने-अपने वर्ग के आरक्षण के अनुरूप राजनीतिक समीकरण साधने में जुटेंगे।

Comment List