ग्रामीण विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित, क्लस्टर विकसित और ई-सरस मेले आयोजित करने पर जोर
लंबित प्रकरणों पर विस्तृत चर्चा की
जयपुर। मुख्य सचिव वी.श्रीनिवास तथा केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय के सचिव रोहित कंसल की संयुक्त अध्यक्षता में शासन सचिवालय में ग्रामीण विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित हुई।
बैठक में राजीविका, विकसित भारत-जी राम जी योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति, वित्तीय स्थिति तथा केन्द्र स्तर पर लंबित प्रकरणों पर विस्तृत चर्चा की गई।
केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय के सचिव रोहित कंसल ने सुझाव दिया कि प्रदेश में राजीविका के बेहतर प्रदर्शन के लिए क्लस्टर आधारित गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाए, जिससे महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध हो सके। उन्होंने प्रदेश में ई-सरस मेले के आयोजन का सुझाव देते हुए कहा कि इसमें राष्ट्रीय स्तर के प्रतिभागियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
पीएमएवाई-जी में नए लक्ष्यों एवं आवास निर्माण की समीक्षा : मुख्य सचिव ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत वर्ष 2026-27 के लिए प्रदेश को 2.89 लाख नए आवासों का लक्ष्य आवंटित किया गया है तथा स्वीकृति की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है।
योजना की वित्तीय प्रगति, आवास निर्माण, मूलभूत सुविधाओं से कन्वर्जेन्स तथा आवास सहायकों की तैनाती की भी समीक्षा की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के साथ कन्वर्जेन्स के माध्यम से अमृत पोषण वाटिका, अमृत ग्रामीण हाट बाजार, ग्रामीण पुस्तकालय/अटल ज्ञान केन्द्र, अमृत संजीवनी पार्क, पशु आश्रय स्थल, ब्लॉक स्तरीय नर्सरी सहित जल जीवन मिशन, अतिरिक्त विद्यालय कक्ष, सामुदायिक शौचालय, पशु चिकित्सा केन्द्र एवं वाटरशेड विकास जैसे कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और नियमित मॉनिटरिंग के लिए निर्देशित किया।

Comment List