टोल बैरिकेड तोड़ भागी रोडवेज बस, पीछा कर सीतापुरा में पकड़ी
परिचालक ने 21 यात्रियों के टिकट काट दिए
जयपुर। झालावाड़ डिपो की एक रोडवेज बस की जांच के दौरान सोमवार को नाटकीय घटनाक्रम देखने को मिला। सीबीएस जयपुर की फ्लाइंग टीम ने नियमित जांच के लिए शिवदासपुरा टोल प्लाजा पर बस को रुकवाया। चालक ने बस रोक दी, लेकिन जांच दल को देखकर परिचालक ने चालक को बस आगे बढ़ाने के लिए कहा।
आरोप है कि चालक ने टोल प्लाजा पर लगे बैरिकेड को तोड़ते हुए बस को वहां से भगा दिया। इसके बाद निरीक्षण दल ने अपनी बोलेरो से बस का पीछा किया और आखिरकार सीतापुरा क्षेत्र में बस को रुकवा लिया।
बताया जा रहा है कि बस को भगाने से लेकर सीतापुरा तक पहुंचने के दौरान परिचालक ने 21 यात्रियों के टिकट काट दिए। बस में परिचालक दीपक तिवाड़ी और चालक अभिषेक मीणा मौजूद थे।
सीबीएस जयपुर के चेकिंग निरीक्षक लोकेश चौधरी ने मामले की सूचना कंट्रोल रूम और झालावाड़ डिपो के मुख्य प्रबंधक को दी। सूचना मिलने के बाद चालक और परिचालक को मार्ग से हटा दिया गया।

Comment List