इलेक्ट्रिक वाहनों के बढ़ते कदम भारत को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में अहम : साईं गिरिधर
भारी उद्योग मंत्रालय (MHI) की दूरदर्शी पहलों की खुलकर प्रशंसा
जयपुर। फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (FADA) के अध्यक्ष साईं गिरिधर ने नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित 'इलेक्ट्रिक वाहनों के लाभार्थियों और वितरकों के साथ बातचीत' कार्यक्रम में भारतीय ऑटोमोबाइल उद्योग के महत्वपूर्ण दृष्टिकोण साझा किए। अपने संबोधन में उन्होंने देश में तेजी से विकसित होते इलेक्ट्रिक मोबिलिटी इकोसिस्टम की सराहना की। गिरिधर ने भारत सरकार के निरंतर प्रयासों को रेखांकित करते हुए भारी उद्योग मंत्रालय (MHI) की दूरदर्शी पहलों की खुलकर प्रशंसा की।
उन्होंने कहा कि फेम (FAME), पीएम ई-ड्राइव (PM E-DRIVE) और पीएलआई-ऑटो (PLI-Auto) जैसी सरकारी योजनाओं ने देश में न केवल ईवी (EV) अपनाने की रफ्तार को बढ़ाया है, बल्कि घरेलू विनिर्माण को मजबूत करने और स्थानीयकरण (लोकल विनिर्माण) को बढ़ावा देने में भी ऐतिहासिक भूमिका निभाई है।उन्होंने विश्वास जताया कि इन कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से देश में एक मजबूत, टिकाऊ और भविष्य के अनुकूल इलेक्ट्रिक मोबिलिटी इकोसिस्टम का निर्माण हो रहा है, जो 'सेवा संकल्प अभियान' और 'आत्मनिर्भर भारत' के सपने को साकार करते हुए 'विकसित भारत' की नींव को और मजबूत करेगा।इस उच्च स्तरीय बैठक में प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO), भारी उद्योग मंत्री एच. डी. कुमारस्वामी, राज्य मंत्री भूपतिराजू श्रीनिवास वर्मा सहित सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, सियाम (SIAM), फाडा (FADA), एक्मा (ACMA) और बीएचईएल (BHEL) जैसी देश की शीर्ष ऑटोमोटिव और सरकारी संस्थाओं के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

Comment List