एनसीआर में प्रदूषण नियंत्रण के लिए 15 सितम्बर से चलेगा विशेष सफाई अभियान, प्रधानमंत्री के सलाहकार तरुण कपूर ने राज्यों के मुख्य सचिवों के साथ की समीक्षा बैठक
हरियालो राजस्थान अभियान से पौधरोपण
जयपुर। दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण नियंत्रण को लेकर प्रधानमंत्री के सलाहकार तरुण कपूर ने बुधवार को राजस्थान समेत दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और पंजाब के मुख्य सचिवों के साथ वीसी के माध्यम से समीक्षा बैठक की। बैठक में वायु गुणवत्ता, प्रदूषण के प्रमुख कारणों और नियंत्रण के लिए किए जा रहे उपायों पर चर्चा हुई।
2 अक्टूबर तक विशेष सफाई अभियान : तरुण कपूर ने मानसून के बाद सड़कों पर जमा धूल की प्रभावी सफाई के लिए 15 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने सीवरेज शोधन संयंत्रों के आसपास की सड़कों की उपचारित जल से धुलाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही औद्योगिक प्रदूषण, वायु गुणवत्ता की निगरानी, पराली एवं जैविक अवशेष जलाने पर रोक और पौधरोपण जैसे उपायों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने पर जोर : प्रधानमंत्री के सलाहकार ने प्रदूषण नियंत्रण के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग में तेजी लाने पर जोर दिया। उन्होंने सभी राज्यों को इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के साथ निर्धारित समय सीमा में ईंधन केन्द्रों पर वाहन पंजीकरण एवं प्रमाणीकरण प्रणाली से जुड़े स्वचालित नंबर प्लेट पहचान कैमरों का संचालन और प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
राजस्थान में 5268 पुराने वाहन होंगे प्रतिस्थापित : मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने राजस्थान में प्रदूषण नियंत्रण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि परिवर्तन कार्यक्रम के तहत एनसीआर क्षेत्र में 5268 पुराने और प्रदूषणकारी वाहनों को चरणबद्ध तरीके से हटाने की दिशा में काम किया जा रहा है। इलेक्ट्रिक बसों का संचालन भी लगातार बढ़ाया जा रहा है।
हरियालो राजस्थान अभियान से पौधरोपण : मुख्य सचिव ने बताया कि सड़क धूल नियंत्रण के लिए यांत्रिक सफाई, निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट के वैज्ञानिक प्रबंधन और निर्माण स्थलों की निगरानी की जा रही है। औद्योगिक प्रदूषण तथा पराली और जैविक अवशेष जलाने की रोकथाम के साथ वायु गुणवत्ता की नियमित निगरानी भी की जा रही है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत व्यापक पौधरोपण किया जा रहा है।

Comment List