राजस्थान विश्वविद्यालय में छात्रों और संविदा कर्मियों का जोरदार विरोध प्रदर्शन
संविदा कर्मियों ने नियमितीकरण, वेतन वृद्धि और सेवा शर्तों में सुधार की मांग उठाई
राजस्थान विश्वविद्यालय परिसर बुधवार को छात्रों और संविदा कर्मियों के जोरदार विरोध प्रदर्शन से गूंज उठा
जयपुर। राजस्थान विश्वविद्यालय परिसर बुधवार को छात्रों और संविदा कर्मियों के जोरदार विरोध प्रदर्शन से गूंज उठा। छात्रों और कर्मचारियों ने अपनी-अपनी लंबित मांगों को लेकर कुलपति सचिवालय के बाहर धरना दिया और नारेबाजी की। सुबह से ही विश्वविद्यालय गेट पर छात्रों और संविदा कर्मियों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया था। देखते ही देखते प्रदर्शनकारी बड़ी संख्या में सचिवालय तक पहुंच गए और “न्याय दो – हक दो” जैसे नारे लगाते हुए माहौल को आंदोलित कर दिया।
छात्रों की प्रमुख मांगों में परीक्षा परिणाम समय पर घोषित करने, फीस वृद्धि पर रोक लगाने और छात्र सुविधाओं को बेहतर करने की बातें शामिल हैं। वहीं संविदा कर्मियों ने नियमितीकरण, वेतन वृद्धि और सेवा शर्तों में सुधार की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि बार-बार ज्ञापन देने के बावजूद विश्वविद्यालय प्रशासन ने उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया, जिसके चलते उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।
आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें शीघ्र नहीं मानी गईं तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा और विश्वविद्यालय प्रशासन को इसकी जिम्मेदारी लेनी होगी। इस दौरान कुलपति सचिवालय के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि छात्रों और संविदा कर्मियों की मांगों पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। बातचीत के जरिए समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। हालांकि, फिलहाल प्रदर्शन जारी है और इससे विश्वविद्यालय का माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।
इस विरोध प्रदर्शन के चलते पूरे परिसर में दिनभर हलचल बनी रही और पढ़ाई का माहौल प्रभावित हुआ। छात्र-छात्राओं और कर्मियों के तेवर देखते हुए आंदोलन के आगे और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।

Comment List