परिवहन कार्यालयों में बनेंगे तकनीकी केन्द्र : एटीएस, डीटीसी और ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक होंगे स्थापित
विभाग के 35 कार्यालयों में एडीटीटी बन चुके
जयपुर। परिवहन विभाग सभी परिवहन कार्यालयों में ड्राइवर्स ट्रेनिंग सेंटर (डीटीसी), ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक (एडीटीटी) और ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन (एटीएस) विकसित करेगा। इसका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, सड़कों पर प्रशिक्षित ड्राइवर्स की उपलब्धता सुनिश्चित करना और मशीनों के माध्यम से वाहनों की फिटनेस जांच को पारदर्शी बनाना है। विभाग के 35 कार्यालयों में एडीटीटी बन चुके हैं, लेकिन सभी कार्यालयों में एटीएस और डीटीसी की सुविधा विकसित होना बाकी है। परिवहन प्रमुख सचिव भवानी सिंह देथा ने जिला कलक्टरों को पत्र लिखकर भूमि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी जिलों में परिवहन कार्यालयों के समीप केन्द्रों के निर्माण के लिए भूमि आवंटित करने को कहा है।
प्रत्येक आरटीओ और डीटीओ कार्यालय के पास 20 हजार वर्गमीटर भूमि आवंटित की जाएगी। इस भूमि पर एटीएस, डीटीसी और एडीटीटी विकसित किए जाएंगे। एटीएस में वाहनों की फिटनेस मशीनों से जांच होगी, जबकि डीटीसी के माध्यम से वाहन चालकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। एडीटीटी में ड्राइविंग कौशल की जांच की व्यवस्था होगी।

Comment List