उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन चाक-चौबंद : 1170 केन्द्रों पर 7.70 लाख अभ्यर्थी होंगे शामिल, मुख्य सचिव ने परीक्षा को सुरक्षा के साथ संपन्न कराने के दिए निर्देश
समयबद्ध समन्वय सुनिश्चित करते हुए किसी भी प्रकार की शिथिलता न रहे
उप-निरीक्षक भर्ती परीक्षा-2025 को लेकर मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने कड़े निर्देश दिए हैं। 5-6 अप्रैल को 1174 केंद्रों पर होने वाली परीक्षा में 7.70 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। निष्पक्षता, पारदर्शिता और सुरक्षा के लिए सख्त निगरानी, कानून-व्यवस्था और समन्वय पर जोर दिया गया। डीजीपी ने परीक्षा को संवेदनशील बताया, वहीं RPSC ने जीरो टॉलरेंस नीति पर बल दिया।
जयपुर। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने उप-निरीक्षक भर्ती परीक्षा-2025 को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से आयोजन को लेकर सचिवालय में उच्चस्तरीय समीक्षा करते हुए निर्देश दिए। उन्होंने बताया परीक्षा प्रक्रिया को सुदृढ़ निगरानी और कड़े सुरक्षा प्रबंधों के साथ संपन्न कराया जाए। 5 व 6 अप्रैल को होने वाली परीक्षा राज्य के 1174 केन्द्रों पर आयोजित होगी, जिसमें लगभग 7.70 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। उन्होंने संबंधित संभागीय आयुक्तों, जिला कलेक्टर्स एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देश किया कि परीक्षा केन्द्रों पर सतत निगरानी, प्रभावी कानून-व्यवस्था और समयबद्ध समन्वय सुनिश्चित करते हुए किसी भी प्रकार की शिथिलता न रहे।
बैठक में पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने परीक्षा को अत्यंत संवेदनशील बताते हुए कहा कि इसकी योजना गंभीरता के साथ बनाई जाए। राजस्थान लोक सेवा आयोग के सदस्य हेमंत प्रियदर्शिनी ने महत्वपूर्ण परीक्षा बताते हुए जीरो टॉलरेंस के तहत शत-प्रतिशत अनुपालना सुनिश्चित करने पर बल दिया।

Comment List