आर्थिक विकास का लाभ हर नागरिक तक पहुंचे, कोई पीछे नहीं छूटे : वी. श्रीनिवास
सियोल में IIAS सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में अध्यक्षीय संबोधन
जयपुर। राजस्थान के मुख्य सचिव एवं इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ एडमिनिस्ट्रेटिव साइंसेज (IIAS) के अध्यक्ष वी. श्रीनिवास ने कहा कि आर्थिक विकास का लाभ प्रत्येक नागरिक तक पहुंचना चाहिए और कोई भी व्यक्ति विकास की मुख्यधारा से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने बुधवार को दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल में IIAS-2026 के उद्घाटन सत्र में अध्यक्षीय संबोधन देते हुए समावेशी विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रभावी पहुंच पर जोर दिया। श्रीनिवास ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए सरकार, उद्योग, सिविल सोसायटी, शिक्षण संस्थानों और समुदायों को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने भारत-दक्षिण कोरिया की रणनीतिक साझेदारी का उल्लेख करते हुए डिजिटल गवर्नेंस को सुशासन का महत्वपूर्ण आधार बताया। उन्होंने कहा कि तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग मानवता और सामाजिक कल्याण के लिए होना चाहिए।
सम्मेलन में 164 देशों की सार्वजनिक संस्थाओं का आकलन करने वाले IIAS गवर्नेंस इंडेक्स की शुरुआत भी प्रस्तावित है। इसमें 50 प्रमुख मानकों के आधार पर संस्थागत प्रदर्शन का मूल्यांकन होगा। सम्मेलन में 14 विषयों पर 373 शोध पत्रों पर चर्चा होगी। उद्घाटन सत्र में कोरियाई संसद के अध्यक्ष सहित विभिन्न देशों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Comment List