भीषण गर्मी से प्रदेश बेहाल: आज-कल आंधी-बारिश के आसार, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
राजस्थान में भीषण गर्मी का टॉर्चर
राजस्थान में भीषण गर्मी और हीटवेव का प्रकोप जारी है, जहां श्रीगंगानगर में तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार, नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण अगले 48 घंटों में धूलभरी आंधी और हल्की बारिश से मामूली राहत संभव है, लेकिन 24 मई से पारा फिर बढ़ेगा।
जयपुर। राजस्थान में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रदेश के अधिकांश जिले तेज गर्मी की चपेट में हैं। दिन के साथ रात में भी गर्म हवाएं चलने से लोगों को राहत नहीं मिल रही है। गुरुवार को श्रीगंगानगर लगातार दूसरे दिन प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं कई जिलों में तापमान 43 डिग्री से ऊपर पहुंच गया। राजधानी जयपुर में भी गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया। यहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30.6 डिग्री दर्ज किया गया। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण आमजन परेशान नजर आए।
मौसम विभाग जयपुर के अनुसार आगामी एक सप्ताह तक अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से आज और कल उत्तर-पश्चिमी व उत्तरी राजस्थान में मौसम बदल सकता है। इस दौरान मेघगर्जन, तेज आंधी और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि गंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनूं और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश व धूलभरी आंधी चल सकती है। अगले 48 घंटों में तापमान में 1 से 2 डिग्री गिरावट संभव है, लेकिन 24 मई के बाद फिर गर्मी बढ़ने और हीटवेव चलने की आशंका है।

Comment List