पंचायत चुनाव का तीसरा चरण : किसके सिर सजेगा जीत का ताज, 10 हजार से ज्यादा प्रत्याशियों की किस्मत दांव पर
गांवों में लोकतंत्र का महापर्व
जयपुर। राजस्थान में पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तृतीय चरण के तहत 27 जिलों में जिला परिषद एवं 116 पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए मतदान मंगलवार सुबह सात बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरु हो गया। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार सभी मतदान केन्द्रों पर मतदान शांतिपूर्ण तरीके से शुरु हुआ और मतदान के शुरु होते ही मतदाताओं के अपने मताधिकार का उपयोग करने के लिए मतदान केन्द्रों पर आने का सिलसिला शुरु हो गया। धूप निकलने के साथ ही धीरे-धीरे मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की कतारें लगने लगी हैं।
सुबह 10 बजे तक 17.21 प्रतिशत मतदान
चुनाव के तृतीय चरण के तहत मंगलवार को जयपुर जिले की पांच पंचायत समितियों और जिला परिषद के वार्डों में मतदान शुरू हुआ। सुबह 7 बजे से शुरू हुए मतदान में सुबह 10 बजे तक कुल 17.21 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसमें सांगानेर पंचायत समिति 19.56 प्रतिशत मतदान के साथ सबसे आगे रही, जबकि कोटखावदा में सबसे कम 13.97 प्रतिशत मतदान हुआ। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने बताया कि चाकसू में 18.86, माधोराजपुरा में 18.99, फागी में 14.66 और सांगानेर में 19.56 प्रतिशत मतदान हुआ। इन पांचों पंचायत समितियों में कुल 3 लाख 74 हजार 816 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। तृतीय चरण में 77 पंचायत समिति वार्डों और 133 ग्राम पंचायतों के लिए कुल 442 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें चाकसू के 93, कोटखावदा के 82, माधोराजपुरा के 93, फागी के 90 और सांगानेर के 84 मतदान केंद्र शामिल हैं। जिला परिषद के वार्ड 27 से 37 तक भी मतदान हो रहा है। मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। इसके बाद 4 नवंबर को सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए नामांकन तथा 5 नवंबर को मतदान होगा।
तृतीय चरण में 27 जिलों बालोतरा, बांसवाड़ा, बारां, ब्यावर, भरतपुर, बीकानेर, बूंदी, चित्तौडग़ढ़, चूरु, दौसा, डीडवाना-कुचामन, डीग, धौलपुर, गंगानगर, हनुमानगढ़, जयपुर, जालोर, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटपुतली-बहरोड़, प्रतापगढ़, सवाईमाधोपुर, सलूम्बर, सीकर, टोंक एवं उदयपुर जिले में जिला परिषद सदस्यों के 377 वार्डों में यह चुनाव हो रहा है, जिसके लिए 1305 उम्मीदवार चुनाव मैदान में अपनी चुनाव किस्मत आजमा रहे हैं। इस चरण में इन जिलों में 116 पंचायत समितियों में सदस्यों के चुनाव के लिए 2119 वार्डों के लिए मतदान हो रहा जिसमें 7789 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।

Comment List