बगरू में चेयरमैन की कुर्सी पर घमासान : भाजपा के 4 चेहरे रेस में शामिल, कांग्रेस के दो नाम भी चर्चा में
16 सीटों वाली भाजपा बहुमत से महज 2 कदम दूर
जयपुर। नगर पालिका बगरू चुनाव के 35 वार्डों के परिणाम आने के बाद अब वहां सियासत का सबसे बड़ा मुकाबला चेयरमैन की कुर्सी को लेकर शुरू हो गया है। घोषित परिणामों में भाजपा ने 16 वार्डों में जीत दर्ज कर सबसे बड़े दल के रूप में अपनी स्थिति मजबूत की है। कांग्रेस को 11, निर्दलीयों को 7 और आरएलपी को एक वार्ड में जीत मिली है। अब चेयरमैन पद के लिए नामांकन की प्रक्रिया के बीच राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भाजपा के 16 पार्षद निर्वाचित हुए हैं, जबकि बहुमत के लिए 18 का आंकड़ा चाहिए। यानी भाजपा को चेयरमैन बनाने के लिए दो और पार्षदों के समर्थन की जरूरत होगी। ऐसे में निर्दलीय पार्षदों का रुख बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
भाजपा में 4 चेहरे चर्चा में : भाजपा खेमे में चेयरमैन पद के संभावित दावेदारों को लेकर चार नाम चर्चा में हैं। इनमें वार्ड 2 की सुनीता देवी, वार्ड 21 की आशा देवी छीपा, वार्ड 23 के संतोष चौहान और वार्ड 33 के पारसमणी सुरोलिया शामिल हैं। वार्ड 2 से सुनीता देवी ने 219 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। वार्ड 21 में आशा देवी छीपा 226 वोट लेकर विजयी रहीं। वार्ड 23 में संतोष चौहान ने 308 वोट हासिल किए, जबकि वार्ड 33 में पारसमणी सुरोलिया 222 वोट लेकर जीते। इन चारों में से पार्टी किस चेहरे पर अंतिम दांव लगाती है, इस पर अब सबकी निगाहें हैं। फिलहाल इन नामों को संभावित दावेदारों के तौर पर ही देखा जा रहा है।
कांग्रेस के दो नाम भी दौड़ में : कांग्रेस खेमे में चेयरमैन पद के लिए वार्ड 24 की अनु पाटनी और वार्ड 35 की मंजू मीणा के नाम चर्चा में हैं। अनु पाटनी ने 297 वोट लेकर वार्ड 24 में जीत दर्ज की है, जबकि मंजू मीणा ने वार्ड 35 में 276 वोट हासिल किए। कांग्रेस के 11 पार्षद होने के कारण उसके लिए भी समर्थन का गणित अहम रहेगा।
16 बनाम 11 बीच में 8 का खेल : भाजपा बहुमत से महज दो पार्षद दूर है। यही दो समर्थन चेयरमैन की कुर्सी का रास्ता खोल सकते हैं। दूसरी ओर कांग्रेस के पास भी 11 पार्षद हैं और उसके सामने सात निर्दलीयों को अपने साथ जोड़ने की चुनौती होगी। ये 7 निर्दलीय पार्षद अब पूरे सियासी गणित के सबसे अहम किरदार बन गए हैं। किस खेमे को उनका समर्थन मिलता है, इस पर बगरू नगरपालिका की सत्ता का समीकरण निर्भर कर सकता है।

Comment List