वाटिका में महिला का शव मिलने से मचा हड़कंप : सिर पर पत्थरों से वार के निशान, पढ़े पूरी खबर
पुलिस ने तत्काल महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचाया
जयपुर। सांगानेर सदर थाना इलाके में वाटिका स्थित एक खाली प्लॉट में एक महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को गंभीर हालत में पड़ा देखा। उसके सिर पर पत्थरों से वार किए जाने के निशान मिले। पुलिस ने तत्काल उसे महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान ललिता प्रजापति (37 निवासी मंडोली, थाना रुदावल, जिला भरतपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार महिला मजदूरी का काम करती थी। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि कोई व्यक्ति उसे चौकड़ी से मजदूरी करने के लिए अपने साथ लेकर गया था। इसके बाद उसका शव वाटिका क्षेत्र के एक खाली प्लॉट में मिला। एसीपी चाकसू भवानी सिंह शेखावत ने बताया कि महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड से कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच तेज करते हुए महिला के संपर्क में रहे लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही कॉल डिटेल खंगाली जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी जुटाई जा रही है। पुलिस संभावित आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Comment List