PWD में लंबित उच्च स्तरीय बिलों और शिकायतों की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित, 7 दिन में जांच रिपोर्ट देने के निर्देश
कामकाज को लेकर भी गंभीर असंतोष जताया
जयपुर। सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) में लंबित उच्च स्तरीय बिलों को लेकर सामने आई शिकायतों और परस्पर आरोपों के मामले में विभाग ने जांच कमेटी गठित की है। मुख्य अभियंता मुकेश भाटी ने तीन सदस्यीय समिति का गठन करते हुए सात दिन में जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। मामले में ठेकेदार पारस कुमार खंडेलवाल और कनिष्ठ अभियंता खुशबू यादव ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए हैं। वहीं, ठेकेदार समूह ने अधिशासी अभियंता जय प्रकाश यादव के कामकाज को लेकर भी गंभीर असंतोष जताया है। बिलों के लंबित रहने और शिकायतों के कारण विभागीय स्तर पर मामला गंभीर हो गया है। मुख्य अभियंता की ओर से गठित जांच समिति की अध्यक्षता अतिरिक्त मुख्य अभियंता आर.के. सिंह करेंगे। अधीक्षण अभियंता अजय ऐरोन और वेद प्रकाश उपाध्याय को समिति में सदस्य नियुक्त किया गया है। समिति पूरे प्रकरण की जांच कर लंबित बिलों से जुड़े तथ्यों, शिकायतों और संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदारों की ओर से लगाए गए आरोपों की पड़ताल करेगी। सात दिन में रिपोर्ट मांगे जाने से मामले में जल्द तथ्य सामने आने की उम्मीद है।
जांच में यह स्पष्ट किया जाएगा कि बिलों के लंबित रहने के पीछे क्या कारण रहे और शिकायतों में कितनी सच्चाई है। समिति की रिपोर्ट के आधार पर विभाग आगे की कार्रवाई पर निर्णय ले सकेगा। फिलहाल, जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।

Comment List