ट्रैकमैन ने की आत्महत्या : सुसाइड नोट में परिवारिक कलह का जिक्र, जानें पूरा मामला
एक पेज का सुसाइड नोट लिखा था
जयपुर। शिवदासपुरा थाना इलाके में मंगलवार सुबह जयपुर के शिवदासपुरा रेलवे स्टेशन के पास एक दुखद घटना सामने आई। रेलवे ट्रैकमैन महेश तंवर का शव पटरियों के पास लहूलुहान हालत में मिला। पुलिस के अनुसार, 45 वर्षीय महेश, जो शिवदासपुरा के चंदलाई गांव के रहने वाले और प्रहलाद के पुत्र थे, रेलवे क्वार्टर में रहकर ट्रैकमैन का कार्य करते थे। उन्होंने सुबह जल्दी स्टेशन से करीब 200 मीटर दूर जाकर ट्रेन के सामने छलांग लगाकर अपनी जान दे दी। सुबह लगभग पांच बजे शव मिलने की सूचना मिलते ही शिवदासपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए और शव को पोस्टमार्टम के लिए महात्मा गांधी अस्पताल की मॉर्च्युरी में भिजवा दिया। आसपास लोगों की भीड़ भी जुट गई थी।
पुलिस जांच में पता चला कि महेश ने आत्महत्या से पहले एक पेज का सुसाइड नोट लिखा था। उन्होंने इसकी फोटो खींचकर सुबह करीब चार बजे अपने दोस्तों और परिचितों को वॉट्सऐप पर भेज दी थी। नोट में उन्होंने साफ लिखा है कि वे अपनी पत्नी और बच्चों से बेहद परेशान हो चुके थे। पिछले पांच साल से दोनों के बीच अदालती मामला चल रहा था। महेश पत्नी को हर महीने मेंटीनेंस भी दे रहे थे, लेकिन पत्नी उनके या उनके माता-पिता के साथ रहना नहीं चाहती थीं और न ही तलाक दे रही थीं। सुसाइड नोट में महेश ने कई रिश्तेदारों- पत्नी की बहनें चित्रा कंवर, हेमलता तंवर, सास लक्ष्मी, जीजा नंदकिशोर, अभिषेक तंवर, संजय टेपर्ण और अनिता टेपर्ण का नाम लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि ये लोग मिलकर उन्हें परेशान करते थे।

Comment List