जयपुर एयरपोर्ट पर ‘उड़ान यात्री कैफे’ की शुरुआत : यात्रियों को 10 रुपए में मिलेगा नाश्ता, प्रशासन ने कहा- सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए जारी रहेगी ऐसी पहल
किफायती दरों पर मिलेगी चाय, पेय पदार्थ और अन्य खाद्य सामग्री
जयपुर एयरपोर्ट पर ‘उड़ान यात्री कैफे’ शुरू, यात्रियों को बड़ी राहत। केंद्रीय मंत्री राममोहन नायडू ने वर्चुअल उद्घाटन किया। यहां चाय, कॉफी व खाद्य सामग्री मात्र 10 रुपये से उपलब्ध होगी। किफायती दरों पर बेहतर सुविधा देने की पहल से यात्रियों का अनुभव सुधरेगा। उद्घाटन में CISF व एयरपोर्ट के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
जयपुर। राजधानी जयपुर स्थित जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर यात्रियों को सस्ती दरों पर खाद्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘उड़ान यात्री कैफे’ की शुरुआत कर दी गई है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु ने इस कैफे का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया। इस कैफे के शुरू होने से एयरपोर्ट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को अब किफायती दरों पर चाय, कॉफी, पेय पदार्थ और अन्य खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सकेगी। खास बात यह है कि यहां खाद्य उत्पादों की शुरुआती कीमत मात्र 10 रुपये रखी गई है, जिससे आम यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। एयरपोर्ट प्रशासन का मानना है कि यह पहल यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने के साथ ही एयरपोर्ट सेवाओं को अधिक जनहितकारी बनाएगी।
उद्घाटन के दौरान एयरपोर्ट पर कई अधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर सीआईएसएफ कमांडेंट नवीन भगत, डिप्टी कमांडेंट देवराज, इंटेलिजेंस अधिकारी सायरम शरत कुमार और चीफ एयरपोर्ट ऑफिसर अनिमेष भट्ट उपस्थित रहे। एयरपोर्ट प्रशासन ने कहा कि भविष्य में यात्रियों की सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए इसी तरह की पहल जारी रहेगी।

Comment List