वी. श्रीनिवास ने एथेंस में किया IIAS गवर्नेंस इंडेक्स का शुभारंभ, 164 देशों की शासन व्यवस्था का होगा आकलन
पद्धति, निष्कर्ष और देशों की तुलनात्मक स्थिति प्रस्तुत की जाएगी
जयपुर। राजस्थान के मुख्य सचिव एवं इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ एडमिनिस्ट्रेटिव साइंसेज (IIAS) के अध्यक्ष वी. श्रीनिवास ने ग्रीस के एथेंस में आयोजित IASIA-2026 सम्मेलन में IIAS गवर्नेंस इंडेक्स के प्रीव्यू का शुभारंभ किया। यह इंडेक्स 164 देशों की शासन व्यवस्था का आकलन करेगा। इसके लिए शासन के छह प्रमुख स्तंभों, 50 संकेतकों और आठ डेटा स्रोतों का उपयोग किया जाएगा। इसका उद्देश्य सार्वजनिक संस्थानों के प्रदर्शन को समझने, उनकी कार्यप्रणाली का मूल्यांकन करने और सुधार की संभावनाओं की पहचान करने के लिए वैश्विक संदर्भ उपलब्ध कराना है।
IIAS की इस विशेष शोध परियोजना को अध्यक्ष वी. श्रीनिवास के नेतृत्व में विकसित किया गया है। परियोजना के तहत आकलन का कार्य IIAS के वैज्ञानिक निदेशक डॉ. मार्को डी ला क्रूज ने किया है। यह पहल शासन सुधारों पर तथ्यपरक चर्चा को बढ़ावा देने और वैश्विक शासन एजेंडे में IIAS की भूमिका मजबूत करने में सहायक होगी। एथेंस में इंडेक्स का प्रीव्यू प्रस्तुत किया गया है। इसका पूर्ण संस्करण IIAS-2026 सम्मेलन में सियोल में जारी किया जाएगा, जहां इसकी विस्तृत पद्धति, निष्कर्ष और देशों की तुलनात्मक स्थिति प्रस्तुत की जाएगी।

Comment List