राजस्थान में बदलेगा मौसम, उत्तर-पश्चिमी जिलों में बारिश के आसार
आगामी दिनों में मौसम शुष्क रहने की प्रबल संभावना
जयपुर। राजस्थान में मानसून की विदाई के बाद एक बार फिर मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। आगामी दिनों में उत्तर-पश्चिमी राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों के ऊपर एक परिसंचरण तंत्र बनने की प्रबल संभावना है। इसके प्रभाव से प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी जिलों में बादल छाने और बारिश की गतिविधियां शुरू होने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार 10 और 11 अक्टूबर को बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, सीकर और झुंझुनू सहित आसपास के जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान मेघगर्जन के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
मौसम में बदलाव के चलते इन इलाकों में दिन के तापमान में भी कुछ गिरावट देखने को मिल सकती है। वहीं, 13-14 अक्टूबर को भी उत्तर-पश्चिमी राजस्थान और आसपास के कुछ जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। दूसरी ओर जोधपुर, उदयपुर, कोटा, अजमेर और भरतपुर संभाग के ज्यादातर हिस्सों में आगामी दिनों में मौसम शुष्क रहने की प्रबल संभावना है। राजधानी जयपुर समेत प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी मौसम गतिविधियां सीमित रहने के आसार हैं।

Comment List