पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में महिला गिरफ्तार, धर्म परिवर्तन के बाद रखा था नाम खदीजा
जयपुर के टोंक रोड क्षेत्र में रह रही थी
जयपुर/सवाई माधोपुर। सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तान की खुफिया एजेंसियों को संवेदनशील सूचनाएं पहुंचाने के आरोप में एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सवाई माधोपुर निवासी बबीता धाकड़ ने धर्म परिवर्तन के बाद अपना नाम खदीजा रख लिया था और वह जयपुर के टोंक रोड क्षेत्र में रह रही थी। खुफिया एजेंसियों से मिली सूचना के आधार पर एटीएस ने कार्रवाई करते हुए महिला को हिरासत में लिया। आरोप है कि वह सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान की विभिन्न एजेंसियों के संपर्क में थी और उनके लिए सूचनाएं जुटाने का काम कर रही थी।
एटीएस के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मनीष त्रिपाठी ने बताया कि इंटेलिजेंस इनपुट के आधार पर महिला की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही थी। जांच में उसके विदेशी और पाकिस्तानी एजेंसियों से जुड़े नेटवर्क के संपर्क में होने के संकेत मिले। इसके बाद एटीएस की टीम ने उसे गिरफ्तार कर सोमवार को अदालत में पेश किया, जहां से कोर्ट ने उसे 27 जून तक एटीएस रिमांड पर भेज दिया।
एटीएस अब महिला के सोशल मीडिया अकाउंट्स, संपर्कों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की गहन जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने अब तक किस प्रकार की सूचनाएं साझा कीं और उसके नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले की जांच जारी है।

Comment List