आमेर मावठा सरोवर में युवक की छलांग, अंधेरे में चला रेस्क्यू फिर भी नहीं बच सकी जान
माता-पिता भी नहीं होने के कारण वह घर में पूरी तरह अकेला रहता था
जयपुर। आमेर क्षेत्र में स्थित मावठा सरोवर मंगलवार की रात एक दुखद घटना का गवाह बना। चालीस वर्षीय युवक शंकर ने सरोवर के पानी में छलांग लगाकर अपना जीवन समाप्त करने का प्रयास किया। घटना की सूचना मिलते ही आमेर थाना पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। रात के घने अंधेरे में शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन बेहद चुनौतीपूर्ण साबित हुआ। पानी के अंदर युवक की तलाश करना अंधेरे के कारण अत्यंत कठिन हो गया। सिविल डिफेंस की टीम ने सर्च ऑपरेशन तेज किया, लेकिन लंबे समय तक कोई सफलता हाथ नहीं लगी। स्थिति को देखते हुए मावथा में बोटिंग कराने वाली टीम के अनुभवी गोताखोरों को बुलाया गया। उन्होंने कड़ी मशक्कत और लगातार प्रयासों के बाद युवक के शरीर को पानी से बाहर निकाला। दुर्भाग्यवश तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने बताया कि घटना के बारे में प्रारंभिक जानकारी देते हुए बताया कि शंकर सेन शराब का आदी था। साथ ही वह मानसिक अवसाद से भी ग्रस्त चल रहा था। उनकी पत्नी की कुछ समय पहले मृत्यु हो गई थी। माता-पिता भी नहीं होने के कारण वह घर में पूरी तरह अकेला रहता था।
मंगलवार रात अकेलेपन और अवसाद के बीच उसने मावथा सरोवर में छलांग लगा दी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसके सटीक कारणों का पता गहन जांच के बाद ही चल सकेगा। मृतक का शव एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Comment List