जैसलमेर में किसान संवाद-कार्यकर्ता सम्मेलन, अशोक गहलोत- पंचायतीराज चुनावों के परिसीमन में सरकार की मनमानी
ग्रामीण विकास की अनदेखी का आरोप लगाया
जैसलमेर। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जैसलमेर में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन और किसान संवाद में प्रदेश की भाजपा सरकार पर अकाल राहत और ग्रामीण विकास की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जिले में चारे-पानी की कमी से पशुधन प्रभावित हो रहा है और रोजगार के अवसरों का अभाव है। कांग्रेस पंचायतीराज चुनाव में अकाल राहत, रोजगार और विकास के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी। गहलोत ने पंचायतीराज चुनावों के परिसीमन पर सवाल उठाते इसमें मनमानी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, चुनाव में जनता इसका जवाब देगी और कांग्रेस कार्यकर्ता ग्रामीणों के मुद्दों को उठाएंगे। पूर्व मंत्री शाले मोहम्मद ने अकाल प्रभावित परिवारों और पशुधन के लिए तत्काल राहत कार्य शुरू करने की मांग की।
पूर्व विधायक रूपाराम धनदे ने चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और किसानों, पशुपालकों व युवाओं के मुद्दों को उठाने पर जोर दिया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष अमरदीन फकीर ने कहा, कांग्रेस ग्रामीण विकास, सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और रोजगार के मुद्दों पर चुनाव लड़ेगी। कार्यकर्ता गांवों और ढाणियों में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनेंगे।

Comment List