शराब के लिए पैसे नहीं देने पर पत्नी को पीट पीटकर मार डाला, हाथ पैर तोड़कर शव को बक्से में छुपाया
दुगंर्ध आने पर ग्रामीण को बताई घटना
झुंझुनूं। जिले के सूरजगढ़ क्षेत्र के अगवाना खुर्द गांव में मंगलवार को सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां शराब के लिए पैसे नहीं देने पर पति ने पत्नी की पहले हत्या की और फिर हाथ और पैर तोड़कर शव को बक्से में बंद कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव बरामद कर पति को हिरासत में ले लिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कृष्ण कुमार जाट (40) और उसकी पत्नी सिलोचना (34) के बीच शनिवार को शराब के लिए रुपए मांगने पर विवाद हुआ।
पत्नी के रुपए देने से मना करने पर पति ने उसके साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या करने के बाद आरोपी ने शव को बक्से में बंद कर दिया। मंगलवार सुबह बक्से से तेज दुगंर्ध आने पर आरोपी ने गांव के एक व्यक्ति को घटना की जानकारी दी। ग्रामीण ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पु़लिस मौके पर पहुंची और बक्सा खुलवाकर शव बरामद किया। पुलिस के अनुसार शव करीब 4 दिन पुराना था और सड़ चुका था। बताया जा रहा है कि दोनों का विवाह वर्ष 2009 में हुआ था, आरोपी शराब पीने का आदी था।
बेटा तीन दिन तक मां की पूछता रहा
घटना के समय दंपती का 16 वर्षीय बेटा घर पर नहीं था। घर लौटने पर बेटे ने मां के बारे में पूछा तो पिता ने बताया कि वह कहीं गई हुई है। इसके बाद बेटा तीन दिन तक मां के बारे में पूछता रहा, लेकिन आरोपी बहाने बनाकर टालता रहा।

Comment List