इंडोनेशिया में फिर कांपी धरती! फ्लोरेस में 5.9 तीव्रता का भूकंप; दो दिन पहले 7.7 के झटके में 53 मौतें
राहत एवं बचाव कार्य जारी
जकार्ता। इंडोनेशिया के फ्लोरेस क्षेत्र में सोमवार तड़के भूकंप के तेज झटके महसूस किये गये। रिक्टर पैमाने पर भूकंव की तीव्रता 5.9 मापी गयी। जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंसेज (जीएफजेड) के अनुसार, आज आए भूकंप का केंद्र शुरू में 8.57 डिग्री दक्षिण अक्षांश और 121.55 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था जमीनी सतह से करीब 10 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था। भूकंप से तत्काल किसी के हताहत होने या नुकसान की सूचना नहीं है।
इससे दो दिन पहले शनिवार को आए 7.7 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप में कम से कम 53 लोगों की मौत हो गई थी और हजारों लोग विस्थापित हुए हैं। शक्तिशाली भूकंप से फ्लोरेस के छह रीजेंसी प्रभावित हुए थे। इससे भूस्खलन हुआ, बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा और संचार सेवाएं बाधित हुईं। इंडोनेशिया की राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी के अनुसार, पिछले भूकंप में कम से कम 53 लोगों की मौत हुई है और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। सबसे अधिक प्रभावित नगेकेओ रीजेंसी तक बचाव दलों को पहुंचने में दिक्कत हो रही है। कई इलाकों में भूस्खलन से सड़कें अवरुद्ध होने और संचार व्यवस्था बाधित होने के कारण राहत एवं बचाव अभियान प्रभावित हुआ है।
15 अगस्त को फ्लोरेस में 230 से अधिक झटके दर्ज किए गए, जिनमें सबसे शक्तिशाली की तीव्रता 6.2 रही। इस बीच, फ्लोरेस से हजारों किलोमीटर दूर सुमात्रा में भी 6.9 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किये गये। शनिवार के भूकंप के बाद इंडोनेशिया ने 14 दिनों की आपातकालीन प्रतिक्रिया अवधि घोषित की है। रविवार को भी खोज एवं बचाव अभियान जारी रहा और अधिकारी जीवित लोगों की तलाश के साथ नुकसान का आकलन करते रहे।
रिपोर्ट के अनुसार फ्लोरेस के कुछ हिस्सों में ईंधन और एलपीजी की आपूर्ति बहाल कर दी गई है। सिका, मंगगाराई, नगेकेओ, बीमा और सेलयार समेत विभिन्न क्षेत्रों में करीब 6,000 लोग शरण लिए हुए हैं। प्रारंभिक आकलन के अनुसार, पिछले भूकंप में कम से कम 914 मकान, 93 शैक्षणिक संस्थान, 36 स्वास्थ्य केंद्र और 38 सरकारी कार्यालय क्षतिग्रस्त हुए हैं। अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव अभियान के बीच आगे के झटकों को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है।

Comment List