असर खबर का - आखिरकार 5 महीने बाद मिला निगम कर्मचारियों को बोनस
दिवाली से पहले की थी बोनस की घोषणा
नवज्योति में समाचार प्रकाशित होने के बाद कर्मचारियों को बोनस मिलने पर प्रसन्नता जाहिर की है।
कोटा। नगर निगम कोटा उत्तर व दक्षिण के कर्मचारियों को आखिरकार दिवाली का बोनस मिल ही गया। निगम कर्मचारियों के बैंक खाते में एक दिन पहले ही बोनस की राशि जमा हुई है। जैसे ही कर्मचारियों के खाते में बोनस की राशि जमा होने का मैसेज आया वैसे ही कर्मचारियों के चेहरे पर खुली झलकने लगे। कर्मचारियों का कहना है कि जो बोनस की राशि दीपावली से पहले मिलनी चाहिए थी वह 5 महीने बाद होली निकलने पर मिली है। निगम के लेखा शाखा अधिकारियों का कहना है कि बोनस के बिल कोष कार्यालय भेजे हुए थे। वहां से बिल पानी होने में समय लग रहा था। अब वहां से बिल पास होते ही कर्मचारियों के बैंक खाते में बोनस की राशि आ गई है।
दैनिक नवज्योति ने उठाया था मुद्दा
गौरतलब है कि निगम कर्मचारियों को समय पर बोनस नहीं मिलने का मुद्दा दैनिक नवज्योति ने उठाया था। समाचार पत्र में 22 मार्च को पेज दो पर ‘दिवाली से होली आई, निगम कर्मचारियों को नहीं मिली बोनस की पाई’ शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया था। उसके बाद निगम अधिकारी हरकत में आए थे और कोषाधिकारी को बोनस की राशि देने के लिए पत्र जारी किया था। नवज्योति में समाचार प्रकाशित होने के बाद कर्मचारियों को बोनस मिलने पर प्रसन्नता जाहिर की है।
Comment List