फुटबॉल स्टेडियम के नीचे मिले 129 कंकाल : पहली शताब्दी में यहां हुआ करता था सैन्य किला, रोमन योद्धाओं के होने की जताई संभावना
रोमन इतिहास के लिए अनोखी बात
वियना में एक फुटबॉल स्टेडियम के रेनोवेशन के दौरान निर्माण श्रमिकों को रोमन साम्राज्य के समय की एक सामूहिक कब्र मिली
नई दिल्ली। वियना में एक फुटबॉल स्टेडियम के रेनोवेशन के दौरान निर्माण श्रमिकों को रोमन साम्राज्य के समय की एक सामूहिक कब्र मिली। इसमें कम से कम 129 कंकाल पाए गए हैं। माना जा रहा है कि ये कंकाल उन योद्धाओं के हो सकते हैं, जो लगभग 2,000 साल पहले जर्मनिक जनजातियों के साथ हुए युद्ध में मारे गए थे। इसका पता तब चला जब सिमरिंग जिले में एक खेल मैदान के नवीनीकरण का काम चल रहा था। श्रमिकों ने बड़ी संख्या में मानव अवशेषों को देखा, जिसके बाद वियना संग्रहालय के पुरातत्व विभाग को सूचित किया। विश्लेषण से पता चला कि यह कब्र पहली शताब्दी की है, जो रोमन साम्राज्य के उस दौर की है जब यहां विंडोबोना नामक प्रमुख सैन्य किला हुआ करता था।
सामूहिक कब्र का महत्व
वियना पुरातत्व विभाग की प्रमुख क्रिस्टीना ने कहा कि रोमन साम्राज्य के यूरोपीय हिस्सों में उस समय दाह संस्कार आम था, इसलिए इस तरह की कब्र बेहद दुर्लभ हैं। कंकालों पर युद्ध के दौरान लगी चोटों के निशान पाए गए हैं, जैसे सिर, धड़ आदि पर गहरे घाव। इससे संकेत मिलता है कि ये लोग किसी बड़े युद्ध में मारे गए थे, न कि किसी नरसंहार में।
रोमन इतिहास के लिए अनोखी बात
पुरातत्व खुदाई का नेतृत्व करने वाली माइकेला बाइंडर ने कहा कि रोमन युद्ध की घटनाओं के संदर्भ में, लड़ाकों की कोई तुलनीय खोज नहीं है। जर्मनी में विशाल युद्धक्षेत्र हैं जहां हथियार पाए गए थे। लेकिन मृतकों को पाना, पूरे रोमन इतिहास के लिए अनोखी बात है। इस पर अब आगे अध्ययन किया जाएगा।

Comment List