आत्महत्या के इरादे से नदी में कूदी महिला, मगरमच्छ ने किया हमला और फिर ऐसे बची जान
नदी से सुरक्षित निकालकर अस्पताल में कराया गया प्राथमिक उपचार
मेंगलुरु। कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिले में एक महिला कथित तौर पर आत्महत्या करने के इरादे से कुमारधारा नदी में कूद गयी, लेकिन मगरमच्छ के हमले के बाद उसकी जान बच गयी। मगरमच्छ के काटने से घायल महिला की चीख पुकर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे नदी से बाहर निकाल लिया। पुलिस ने बताया कि यह घटना बुधवार रात जिले के कुक्के सुब्रह्मण्य में कुमारधारा पुल के पास हुई। महिला कथित तौर पर उडुपी जिले की निवासी है। जानकारी के अनुसार महिला आत्महत्या की कोशिश में नदी में कूदी थी, तभी मगरमच्छ ने उस पर हमला कर दिया।
मगरमच्छ के काटने से वह घायल हो गयी। हालांकि, अचानक हुए इस हमले के बाद महिला ने मदद के लिए चिल्लाना शुरू कर दिया। उसकी आवाज सुनकर पास के एक लॉज के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस और स्थानीय लोगों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और महिला को नदी से बाहर निकालने में कामयाब रहे। महिला को बाद में चिकित्सा सहायता के लिए ले जाया गया और प्राथमिक उपचार दिया गया। उसे मामूली चोटें आई हैं। उपचार के बाद उसे उसके परिवार से मिलवाया गया। इस घटना ने तीर्थस्थल कुक्के सुब्रह्मण्य से होकर बहने वाली कुमारधारा नदी में मगरमच्छों की मौजूदगी की ओर ध्यान आकर्षित किया है। यह क्षेत्र का एक लोकप्रिय धार्मिक पर्यटन स्थल है। पुलिस ने घटना के संबंध में कोई मामला दर्ज नहीं किया है।

Comment List