रोजाना 2 टीएमसी पानी बर्बाद होने का दावा, किसानों की फसल बचाने के लिए कविता का अल्टीमेटम
नवंबर अंत तक निर्माण न शुरू होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
हैदराबाद। तेलंगाना रक्षा सेना (टीआरएस) की प्रमुख के. कविता ने राज्य में सूखे की स्थिति से निपटने और किसानों की फसलों को बचाने के लिए कन्नेपल्ली पंप हाउस पर तत्काल कॉफर डैम बनाने की मांग की है। कविता ने सोमवार को यहां चेतावनी दी कि नवंबर के अंत तक निर्माण शुरू नहीं हुआ तो पार्टी किसानों के साथ उग्र आंदोलन करेगी।
उन्होंने कन्नेपल्ली पंप हाउस के पास प्राणहिता नदी के जलप्रवाह का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन करीब दो टीएमसी पानी व्यर्थ बह रहा है। लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत से 45 दिनों में अस्थायी कॉफर डैम बनाकर इस पानी को अन्नाराम और सुंडिल्ला जलाशयों तक पहुंचाया जा सकता है। इससे क्षतिग्रस्त मेडीगड्डा बैराज को दरकिनार कर जल नेटवर्क को पुनर्जीवित किया जा सकेगा।
उन्होंने कांग्रेस सरकार पर सिंचाई और बिजली उपलब्ध कराने में विफल रहने का आरोप लगाते हुये कहा कि फसलों को बचाना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और किसानों के हितों पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।

Comment List