अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए उत्तराखंड में कांग्रेस की न्याय यात्रा, 22 से 25 अक्टूबर तक उठेंगे कई मुद्दे
धान खरीद और तकनीकी समस्याओं से किसान परेशान
चंडीगढ। हरियाणा सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने घोषणा की कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने और प्रदेश के विभिन्न मुद्दों को लेकर कांग्रेस 22 से 25 अक्टूबर तक उत्तराखंड में न्याय यात्रा निकालेगी। उन्होंने भाजपा सरकार पर महिलाओं की सुरक्षा, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और पलायन जैसे मुद्दों पर जवाबदेही से बचने का आरोप लगाया। देहरादून में मीडिया से बातचीत करते हुए सैलजा ने अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े आरोपों और वायरल ऑडियो की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि मामले में सामने आए तथ्यों की जांच कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाना चाहिए। उन्होंने दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किए जाने पर भी सवाल उठाए।
सैलजा ने कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य से जुड़े प्रकरण सहित मिड-डे मील, राष्ट्रीय खेलों, राशन व्यवस्था, जमीनों की खरीद-फरोख्त और अवैध खनन से संबंधित कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने बदरीनाथ में चढ़ावे से जुड़ी कथित अनियमितताओं की भी जांच कराने की बात कही। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, पेपर लीक और पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन उत्तराखंड की गंभीर समस्याएं हैं। कांग्रेस एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में सम्मेलन करेगी और चार नवंबर को कथित जमीन घोटालों के विरोध में धरना-प्रदर्शन करेगी।
सैलजा ने हरियाणा की मंडियों में धान खरीद के दौरान तकनीकी खामियों पर चिंता जताई। उन्होंने बताया कि सिरसा की मंडियों में 71,696 मीट्रिक टन धान की आवक के मुकाबले 29,341 मीट्रिक टन की खरीद हुई है। उन्होंने सरकार से इंटरनेट और टोकन संबंधी समस्याएं दूर कर किसानों की फसल समय पर खरीदने की मांग की।

Comment List