पंजाब में नाकाबंदी के दौरान आपराधिक साजिश विफल : अवैध पिस्तौल के साथ आरेापी गिरफ्तार, 3 कारतूस बरामद
बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे आरोपी
फगवाड़ा। पंजाब में फिल्लौर पुलिस ने विशेष नाकाबंदी के दौरान 6 युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक अवैध पिस्तौल और 3 कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस का मानना है कि समय रहते कार्रवाई कर संभावित आपराधिक साजिश को विफल कर दिया गया। उन्होंने बताया कि एएसआई धर्मिंदर सिंह अपनी टीम के साथ हाईटेक नाके पर तैनात थे। इसी दौरान एक विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि उक्त आरोपी लुधियाना से फिल्लौर की ओर से कार में आ रहे हैं।
सूचना के अनुसार उनके पास अवैध हथियार हैं, जिन्हें वे या तो बेचने वाले हैं अथवा किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने नाकाबंदी और कड़ी कर दी तथा संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से एक अवैध पिस्तौल और 3 कारतूस बरामद हुए, जिसके बाद सभी 6 आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब बरामद हथियार के स्रोत, उसके इस्तेमाल के उद्देश्य तथा आरोपियों के किसी संगठित आपराधिक गिरोह या अन्य आपराधिक गतिविधियों से संबंधों की जांच कर रही है।

Comment List